Tejashwi Yadav: बिहार के विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने लालू यादव का समर्थन करने के लिए प्रियंका गांधी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि शुक्रिया प्रियंका जी। तेजस्वी यादव ने ट्वीट में आगे लिखा कि लालू जी सदा उनसे लड़े है जो लोगों को दबाते है,सताते है और आपस में लड़ाते है। निसंदेह, देर-सवेर जीत न्याय की ही होगी। हम सब संघियों से डरने वाले नहीं है।
दरअसल, चारा घोटाले से जुड़े मामले में लालू यादव को दोषी ठहराया गया है। जिसके बाद प्रियंका गांधी ने लालू यादव का समर्थन किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि भाजपा की राजनीति का प्रमुख पहलू यह है कि जो इसके आगे नहीं झुकते उन्हें हर तरह से सताया जाता है। इस राजनीति के कारण लालू प्रसाद यादव पर हमले हो रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा। इसके बाद लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने प्रियंका गांधी का शुक्रिया किया है।
Tejashwi Yadav- राष्ट्रीय मुद्दों पर कांग्रेस का समर्थन करेगा राजद
इस महीने की शुरुआत में तेजस्वी यादव ने पार्टी की एक बैठक में कहा था कि राजद राष्ट्रीय मुद्दों पर कांग्रेस का समर्थन करेगा, लेकिन वे बिहार में अलग से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा था कि हम वैचारिक रूप से कांग्रेस के साथ हैं। लेकिन यह राजद या तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी जैसे क्षेत्रीय दल हैं,जिन्हें ड्राइवर की सीट पर होना चाहिए।
बता दें कि राजद कांग्रस गठबंधन में खटास आने लगी जब तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन 2020 के बिहार चुनाव में हार गई। कांग्रेस पर गठबंधन को उसके निराशाजनक स्ट्राइक रेट से खराब प्रदर्शन के लिए दोषी ठहराया गया था।
डोरंडा कोषागार गबन मामले में Lalu Yadav दोषी
गौरतलब है कि चारा घोटाला और 139.35 करोड़ रुपये के डोरंडा कोषागार गबन मामले में रांची की विशेष सीबीआई अदालत ने मंगलवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद को दोषी ठहराया था। चारा घोटाले के पिछले चार मामलों में लालू पहले ही दोषी ठहराए जा चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
बिहार में एक मामले में उन्हें बरी कर दिया गया है जबकि दूसरा मामला लंबित है। बताते चलें कि 1996 में लालू को सीएम पद छोड़ना पड़ा लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को कुर्सी पर बिठा दिया। राबड़ी 2000 में सत्ता में लौटी,और लालू 2004 में केंद्रीय रेल मंत्री बने। लालू ने 2013 में अपनी पहली सजा के बाद अपनी लोकसभा सदस्यता खो दी, लेकिन उनकी पार्टी, जदयू और कांग्रेस के साथ गठबंधन में 2015 विधानसभा चुनाव जीती। हालांकि अब विपक्ष में राजद बिहार में सबसे बड़ी पार्टी बनी हुई है।
संबंधित खबरें…