उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि कांग्रेस दुनिया की सबसे भ्रष्ट पार्टी है, उसने गरीब, अनुसूचित जाति के साथ पिछड़े वर्ग के हितों पर कोई ध्यान नहीं दिया। मौर्य ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की नीतियों से देश को बहुत नुकसान हुआ है। इसलिए 28 नवंबर को मध्यप्रदेश में एक बार फिर से जनता कांग्रेस को सत्ता से दूर रखेगी। राम मंदिर के बारे में मौर्य ने कहा कि यह भाजपा का नहीं बल्कि विश्व हिंदू परिषद का आंदोलन है। बीजेपी राम मंदिर निर्माण का समर्थन करती रही है। केशव ने आगे कहा कि राम जन्मभूमि पर जब भी बनेगा राम मंदिर बनेगा, बाबर का मकबरा नहीं बनेगा।

राम मंदिर पर अचानक शिव सेना के खुलकर सामने आने पर उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वो मीडिया में बने रहने के लिए ऐसा कर रही है। यूपी में शिव सेना का कोई वजूद नहीं है केशव ने कहा कि उद्धव ठाकरे अगर राम भक्त की तरह आते उनका स्वागत था। लेकिन, वो मुद्दा हाईजैक करने की कोशिश कर रहे हैं, ये उचित नहीं है। डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी अब भी चाहती है कि सुप्रीम कोर्ट से निर्णय आ जाये या आपसी समझौते से राम मंदिर बन जाये। सुप्रीम कोर्ट और आपसी समझौते से मंदिर नहीं बनता है तो तीसरा विकल्प अध्यादेश है। केशव ने कहा कि बीजेपी के लिए राम मंदिर चुनावी मुद्दा नहीं है। राम मंदिर नहीं बना इसके लिए कांग्रेस ज़िम्मेदार है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के साथ जो देश आजाद हुए थे, वह देश आज बहुत आगे निकल गए, लेकिन भारत पिछड़ गया। इसके लिए सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस जिम्मेदार है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में अमेठी लोकसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां राहुल गांधी दस साल से सांसद हैं।

उत्तर प्रदेश में उनके समर्थन वाली समाजवादी सरकार रही, लेकिन वह आज देश का सबसे पिछडा लोकसभा क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि देश के अधिकांश राज्यों से कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। अब अगले महीने मतगणना के परिणामों के बाद मध्यप्रदेश सहित जिन राज्यों के चुनाव हैं, उसमें भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा। मौर्य ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान ने बहुत अच्छा काम किया है। सड़कों से लेकर कृषि क्षेत्र में बहुत अच्छा काम हुआ है।

मौर्य ने बताया कि प्रयागराज -इलाहाबाद- से शारदा माता मैहर तक की सड़क मध्यप्रदेश की सीमा में बहुत अच्छी है। अब यूपी सरकार अपने प्रदेश में सड़कें और विकास के काम तेजी से कर रही है। वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के बारे में मौर्य का कहना था कि उत्तर प्रदेश में इस बार और भी अच्छा परिणाम आएगा। हालांकि उन्होंने इसकी रणनीति बताने से परहेज किया और कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 80 में से 73 से ज्यादा सीटें आएंगी।

                                          -साभार,ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here