कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का आज से दो दिनों का कर्नाटक दौरा शुरू हो रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी शुक्रवार को मैंगलूर में राज्य विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र भी जारी कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि आज राहुल गांधी उत्तर कन्नड़ जिले में होंगे। दिन में साढ़े बारह बजे कांग्रेस अध्यक्ष अकोला सिटी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के नुक्कड़ सभा को भी संबोधित करने की खबर है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कई बार कर्नाटक का दौरा कर चुके हैं। कर्नाटक का किला बचाने के लिए वो हर संभव कोशिश कर रहे हैं। जनता के बीच जाकर राहुल गांधी केंद्र सरकार पर जोरदार हमला कर संकेत दे रहे हैं कि अगर जनता ने बीजेपी को वोट दने की भूल की तो उनके सामने कई दिक्कतें आ सकती हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सिद्दरमैया सरकार की एक- एक उपलब्धि को जनता के बीच रख रहे हैं। राहुल गांधी इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि प्रदेश की जनता कई मामलों को लेकर प्रदेश सरकार से नाराज है। कांग्रेस अध्यक्ष जनता की नाराजगी को दूर करने का भऱोसा भी देते रहे हैं। कर्नाटक का चुनाव काफी अहम है। अगर जनता एक बार फिर से कांग्रेस पर भरोसा जताती है तो राहुल ब्रिगेड का आत्मविश्वाश काफी बढ़ जाएगा। यही वजह है कि राहुल गांधी लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं।

पिछले कुछ समय से कई मोर्चों पर बीजेपी की किरकिरी हुई है। विरोधी पार्टियों के निशाने पर बीजेपी है। ऐसे में राष्ट्रीय मुद्दों को भी कांग्रेस राज्य में जनता के बीच रख रही है ताकि जनता बीजेपी के पक्ष में वोट न करें। विधानसभा चुनाव में ज्यादा वक्त नहीं है। प्रदेश में 12 मई को चुनाव होने हैं। चुनाव में एक महीने से भी कम का वक्त बचा हुआ है। ऐसे में राहुल गांधी एक के बाद एक जनसभा कर जनता के दिल और दिमाग को जीतने की कोशिश में लगे रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here