Petrol-Diesel Price Hike: देशभर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने एक बार फिर आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ा दिया है। तेल कंपनियों ने लगातार चौथी बार ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की है, जिससे महंगाई को लेकर चिंता और गहरी हो गई है। नई दरें सुबह 6 बजे से लागू कर दी गईं, जिसके बाद दिल्ली समेत कई शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम नए स्तर पर पहुंच गए हैं।
दिल्ली में पेट्रोल ₹102 के पार, डीजल भी हुआ महंगा
ताजा कीमतों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 2 रुपये 61 पैसे बढ़कर 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 2 रुपये 71 पैसे महंगा होकर 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.21 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। नोएडा में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है, जहां पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.56 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
10 दिनों में पेट्रोल और डीजल कितना महंगा ?
पिछले 10 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो ईंधन की कीमतों में लगातार उछाल देखने को मिला है। 15 मई को करीब 3 रुपये की बढ़ोतरी के बाद 19 और 23 मई को लगभग 90-90 पैसे का इजाफा हुआ था। अब 25 मई को एक बार फिर कीमतें बढ़ा दी गईं। कुल मिलाकर इन 10 दिनों में पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.53 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
तेल कंपनियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और रुपये-डॉलर विनिमय दर के आधार पर रोज सुबह नई कीमतें तय की जाती हैं। इसके साथ ही पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव ने भी तेल की कीमतों को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि लगातार बढ़ते दामों ने परिवहन लागत और रोजमर्रा की जरूरतों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ा दी है। महंगाई के इस दबाव के बीच अब आम लोगों की नजर आने वाले दिनों में ईंधन कीमतों के अगले फैसलों पर टिकी रहेगी।









