जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में एनकाउंटर, सुरक्षाबलों ने आतंकी को किया ढेर

0
0
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में एनकाउंटर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में एनकाउंटर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से सोमवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में सेना ने एक आतंकी को मार गिराया। मारे गए आतंकवादी का शव सेब के बाग में पड़ा मिला है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है।

गोलीबारी के बीच चला तलाशी अभियान

सूत्रों के मुताबिक, कुलगाम के गुड्डार वन इलाके में सुरक्षाबलों को तलाशी के दौरान संदिग्ध हलचल का पता चला। इस बीच अचानक फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की एसओजी ने इलाके को सील कर अभियान तेज कर दिया। माना जा रहा है कि वहां दो आतंकी छिपे हुए थे। एक आतंकी ढेर हो चुका है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। मारे गए आतंकी की पहचान की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।

सेना का आधिकारिक बयान

इस एनकाउंटर को लेकर सेना ने भी जानकारी दी। सेना के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से दी गई विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर श्रीनगर में सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया था। तलाशी के दौरान जवानों ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं और जैसे ही आतंकियों को चुनौती दी गई, उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया, वहीं इस दौरान एक जूनियर कमीशंड अधिकारी भी घायल हो गया।