बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महागठबंधन में शामिल दलों पर बड़ा हमला करते हुए आज कहा कि इसके घटक कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत अन्य सभी पार्टियां वंशवाद, परिवारवाद एवं भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई हैं और विकास से इनका कोई लेना-देना नहीं है। बिहार भाजपा के अध्यक्ष एवं उजियारपुर से सांसद नित्यानंद राय ने यहां कहा कि महागठबंधन में शामिल पार्टियों का विकास से इनका कोई लेना- देना नहीं है। इन दलों ने जवानों, किसानों एवं नौजवानों के साथ अपने कार्यकाल के दौरान विश्वासघात किया है। ये देशविरोधी ताकतों का मनोबल ऊंचा करने में लगे हुए हैं, जिसका बड़ा सबूत उच्चतम न्यायालय का राफेल मामले में आया फैसला है।

भाजपा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किये जा रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि श्री मोदी अपने नाम का नहीं बल्कि भारत  माता के मंदिर में निवास करने वाले करोड़ों गरीबों के घर रूपी मंदिर को  बनाने के लिए संकल्पित हैं। प्रधानमंत्री गरीबों की इज्जत-सम्मान के लिए शौचालय का निर्माण करवा रहे हैं। हर घर में  जीवन प्रकाशित हो इसके लिए बिजली एवं रोशनी की व्यवस्था कर रहे हैं।

राय ने कहा कि प्रधानमंत्री जहां एक ओर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृषिक्षेत्र का कायाकल्प कर उनकी  आय  दुगुनी करने में लगे हैं वहीं दूसरी ओर देश की सीमा को सुरक्षित करने और  वीर जवानों  का मनोबल ऊंचा करने में लगे हुए हैं। बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ के  नारे और  सुकन्या समृद्धि योजना से देश की बेटियों को आगे बढ़ाने में लगे  हुए है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब भाईयों-बहनों को स्वस्थ्य  बनाने का  बीड़ा उठाया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि  नरेंद्र मोदी सरकार की सबसे खास बात यह है कि भ्रष्टाचार का कोई दाग सरकार के  ऊपर नहीं लगा है जबकि कांग्रेस नीत पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन  (संप्रग) सरकार टू-जी, कॉमनवेल्थ, चॉपर, आदर्श, कोयला घोटाले जैसे अनेकों भ्रष्टाचार के मामलों से घिरी रही है।

सांसद ने दावा किया कि वर्ष  2019 में एक बार फिर से बड़े बहुमत के साथ श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे और भ्रष्टाचार मुक्त सतत विकास की गाड़ी पर ब्रेक लगाने  की महागठबंधन की साजिश को देश की जनता नाकामयाब कर देगी। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे के  साथ भारत का हर नागरिक बिना किसी भेदभाव के शांति और विकास के मार्ग पर प्रशस्त है।

साभार, ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here