Love You Loktantra TV Premiere: भारतीय राजनीति पर हल्के-फुल्के अंदाज में व्यंग्य करने वाली फिल्म लव यू लोकतंत्र (Love You Loktantra) अब छोटे पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। रवि किशन स्टारर यह पॉलिटिकल-कॉमेडी फिल्म रविवार, 3 मई 2026 को शाम 6 बजे डीडी नेशनल पर वर्ल्ड टीवी प्रीमियर के साथ प्रसारित की जाएगी।
फिल्म की कहानी एक दिलचस्प ‘पावर ट्रायंगल’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें एक महिला मुख्यमंत्री, एक पुरुष वकील और एक महिला वकील के बीच सत्ता की जंग दिखाई गई है। सरकार बनाने के लिए अपनाए जाने वाले दांव-पेंच को हास्य और व्यंग्य के साथ पेश किया गया है, जो दर्शकों को गुदगुदाने के साथ सोचने पर भी मजबूर करता है।

इस फिल्म में रवि किशन के साथ ईशा कोप्पिकर, मनोज जोशी, स्नेहा उल्लाल, कृष्णा अभिषेक, अली असगर और सपना चौधरी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशन अभय निहलानी ने किया है, जबकि कहानी और स्क्रीनप्ले संजय छैल ने लिखा है।
फिल्म का संगीत ललित पंडित ने तैयार किया है, जिसमें अमृता फडणवीस, दलेर मेहंदी, शान और अभिजीत जैसे मशहूर गायकों ने अपनी आवाज दी है।
इस वीकेंड सियासत पर हंसी का जबरदस्त डोज लेने के लिए तैयार हो जाइए! कॉमेडी, ड्रामा और राजनीति का अनोखा मिश्रण पेश करने वाली यह फिल्म टीवी दर्शकों के लिए एक परफेक्ट वीकेंड एंटरटेनमेंट पैकेज साबित हो सकती है।









