अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने अपनी पोस्टपार्टम जर्नी को लेकर खुलकर बात की है और बताया है कि इस दौर में उन्होंने खुद को मानसिक रूप से संतुलित और शांत कैसे रखा। दो महीने के बेटे नीर की मां बनीं परिणीति ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने दिमाग और शरीर को रिलैक्स रखने का अपना निजी मंत्र बताया।
परिणीति के मुताबिक, दिन की शुरुआत कैसे होती है, इसका असर पूरे दिन पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि सुबह उठते ही मोबाइल फोन से दूरी बनाना और मंत्रों का जाप करना उन्हें काफी सुकून देता है। एक्ट्रेस ने यह भी साझा किया कि पोस्टपार्टम के दौरान वह खुद को शांत रखने के लिए नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करती थीं।
सुबह उठते ही फोन छूना पड़ सकता है भारी
वीडियो में परिणीति ने कहा, “अगर आपका मन सकारात्मक है तो शरीर भी उसी तरह प्रतिक्रिया करता है। आजकल बहुत से लोग आंख खुलते ही फोन उठाकर स्क्रॉल करने लगते हैं, जो सबसे खराब आदतों में से एक है। इससे दिमाग सुन्न हो जाता है और पूरा दिन खराब होने की आशंका रहती है।”
उन्होंने बताया कि सुबह फोन को नजरअंदाज करना, कुछ देर बोर होने देना, म्यूजिक सुनना या प्रकृति के बीच जाकर पक्षियों की आवाज सुनना मन को शांत रखने में मदद करता है।
मंत्र जाप से मिलती है अंदरूनी शांति
परिणीति ने आगे बताया कि वह सुबह उठते ही कुछ मंत्रों का जाप करती हैं। उन्होंने कहा, “मैं या तो हनुमान चालीसा पढ़ती हूं या ‘नमामि शमीशम’ का जाप करती हूं। इसी के साथ मैं अपने दिन की शुरुआत करना पसंद करती हूं।”
उनका मानना है कि ऐसा करने से दिनभर होने वाली सकारात्मक या नकारात्मक घटनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि बिस्तर से उठना ऐसा होना चाहिए जैसे किसी फिल्म का ‘हीरोइन शॉट’ हो, ताकि दिन की शुरुआत अच्छे मूड में हो सके। पोस्टपार्टम के समय भी यही तरीका उन्हें मानसिक सुकून देता रहा।
बेटे नीर में मिला जिंदगी का सुकून
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने अक्टूबर 2025 में अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। कुछ हफ्ते पहले कपल ने अपने बेटे का नाम सार्वजनिक किया, हालांकि उसका चेहरा अब तक नहीं दिखाया गया है। बेटे के नाम का खुलासा करते हुए दोनों ने लिखा था, “हमारे दिलों को जिंदगी की एक अनंत बूंद में सुकून मिला। हमने उसका नाम ‘नीर’ रखा है—पवित्र, दिव्य और असीमित।”









