पाकिस्तानी कंपनी से जुड़ाव के आरोप में घिरे बादशाह, FWICE ने मांगा जवाब – जानिए पूरा मामला

0
8
पाकिस्तानी कंपनी से जुड़ाव के आरोप में घिरे बादशाह, FWICE ने मांगा जवाब – जानिए पूरा मामला
पाकिस्तानी कंपनी से जुड़ाव के आरोप में घिरे बादशाह, FWICE ने मांगा जवाब – जानिए पूरा मामला

लोकप्रिय रैपर और सिंगर बादशाह इन दिनों एक नए विवाद में फंस गए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने उन्हें एक पत्र भेजकर यह स्पष्ट करने को कहा है कि क्या उनके आने वाले अमेरिकी शो में पाकिस्तानी फंडिंग शामिल है। दरअसल, दावा किया जा रहा है कि अगले महीने डलास में होने वाले इस कॉन्सर्ट को एक पाकिस्तानी कंपनी प्रायोजित कर रही है।

क्या है पत्र की मुख्य बातें?

FWICE की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यह मामला मौजूदा राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं और सीमा पार सहयोग से जुड़े तनाव को उजागर करता है। पत्र में लिखा गया – “प्रिय बादशाह, हमें जानकारी मिली है कि आप 19 सितंबर 2025 को अमेरिका के डलास स्थित कर्टिस कलवेल सेंटर में ‘बादशाह अन-फिनिश्ड टूर’ में परफॉर्म करने वाले हैं। इस इवेंट को कथित तौर पर 3सिक्सटी शोज़ नामक कंपनी स्पॉन्सर कर रही है, जो पाकिस्तानी नागरिकों के स्वामित्व और संचालन में है।”

सरकार के निर्देशों का हवाला

संस्था ने पत्र में याद दिलाया कि FWICE ने भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, भारतीय कलाकारों और तकनीशियनों को पाकिस्तानी नागरिकों या पाकिस्तान से जुड़े संगठनों के साथ किसी भी तरह का पेशेवर सहयोग करने से मना किया है। यह प्रतिबंध सीमा पार से चल रही आतंकी गतिविधियों और भारत विरोधी कार्रवाइयों के कारण लगाया गया है।

पहलमगाम हमले का जिक्र

पत्र में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का उदाहरण देते हुए कहा गया कि यह घटना निरंतर हिंसा और ऐसे तत्वों के खिलाफ एकजुटता की अहमियत को दर्शाती है। FWICE ने बादशाह से अपील की कि वह इस शो और आयोजकों से अपने संबंधों पर तुरंत स्पष्टीकरण दें।

जल्द जवाब की उम्मीद

पत्र के अंत में लिखा गया है –”एक सम्मानित भारतीय कलाकार होने के नाते, हमें भरोसा है कि आप राष्ट्र की भावनाओं का सम्मान करेंगे और FWICE व भारत सरकार के निर्देशों का पालन करेंगे। कृपया शीघ्र उत्तर दें ताकि नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।”