MCD Elections 2022: दिल्ली में एमसीडी इलेक्शंस 2022 को लेकर चुनावी पारा चढ़ा हुआ है। जैसे-जैसे मतदान की तिथि निकट आती जा रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों की गतिविधियां भी तेज होती जा रहीं हैं।हर दल अपने लुभावने वादों के साथ जनता के बीच जा रहा है।इसी क्रम में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी नए वादों की झड़ी लगा रही है।नगर निगम चुनावों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली कांग्रेस ने निगम की सत्ता में वापसी पर करीब 28 लाख गरीब परिवारों को मुफ्त आरओ मुहैया कराने का वादा किया है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने आगामी निगम चुनावों को लेकर अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी किया। इस दौरान मुफ्त आरओ वितरण की घोषणा की गई। इस मौके पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चौ.अनिल कुमार ने कहा कि स्वच्छ जल पर सबका अधिकार है।इसे कांग्रेस सरकार पूरा करेगी।दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी की चुनावी रैलियों में दिल्ली को चकाचक करने और कूड़े के पहाड़ के खात्मे की बात पूरे जोरशोर के साथ उठाई जा रही है।
MCD Elections 2022: कांग्रेस बोली-दूषित पानी बड़ा मुद्दा
कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि दिल्ली में दूषित पानी का मुद्दा बड़ा है। कांग्रेस निगम की सत्ता में आने के बाद दिल्ली के प्रत्येक गरीब परिवार को आरओ मुहैया करवाकर साफ और शुद्ध पानी की सप्लाई करेगी। दिल्ली को बोतल बंद पानी मुक्त और टैंकर माफिया के चंगुल से छुड़ाया जाएगा। करीब 28 लाख गरीब परिवार पीने के पानी के लिए 10 हजार रुपये तक का वार्षिक खर्च करते हैं। ऐसे में उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। इसमें जेजे कॉलोनी, कच्ची कॉलोनियों और मलिन बस्तियों में रहने वाले लोग शामिल हैं।
MCD Elections 2022: ‘आप’ ने भाजपा पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका काम सिर्फ कूड़े के पहाड़ को बनाने के साथ जो काम करे उसे रोकना है।कहा कि दिल्ली में कूड़े के पहाड़ को खत्म करेंगे।लिहाजा आप लोग सेल्फी लेकर रख लें, क्योंकि 7 दिसंबर के बाद कूड़े के पहाड़ खत्म होने की शुरुआत हो जाएगी।
संबंधित खबरें