Rajasthan Political Crisis: राजस्थान में जारी सियासी संग्राम के बीच पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट मंगलवार को दिल्ली पहुंच गए। ऐसे में चर्चा है कि आज वे कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। राजस्थान में जारी राजनीतिक उठापटक को देखते हुए यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है।
बता दें कि राजस्थान में रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक नहीं हो पाई थी। कयास लगाया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थकों को लगा था कि यह बैठक सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बुलाई गई थी। इसलिए वे बैठक में शामिल नहीं हुए थे। कई विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इस पर सख्ती दिखाते हुए कांग्रेस आलाकमान ने तीन नेताओं को नोटिस जारी किया है।
Rajasthan Political Crisis: कांग्रेस विधायकों को मिला नोटिस
बता दें कि दिल्ली लौटे कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी रिपोर्ट मंगलवार शाम सोनिया गांधी को सौंपी थी। रविवार को हुई अनुशासनहीनता के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी शांति धारीवाल, महेश जोशी और धर्मेंद्र राठौर के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई। कांग्रेस आलाकमान ने तीनों विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस के आधार पर राजस्थान सरकार में मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि 2020 में मानेसर जाने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए थी। विधायक सोनिया गांधी के फैसले को मानने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने ही लोगों से लड़ना नहीं चाहते। अगर धारीवाल जैसे वरिष्ठ नेता ने मुद्दे उठाए हैं तो पार्टी को उन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद पर अशोक गहलोत के नामांकन का फैसला सोनिया गांधी पर है।
Rajasthan Political Crisis: गहलोत कर सकते हैं आज अपना नामांकन दाखिल
इस बीच केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा है कि अब तक अध्यक्ष पद के लिए दो लोगों ने पर्चे लिए हैं। इसमें तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर और पार्टी कोषाध्यक्ष पवन बंसल का नाम शामिल है। बंसल ने दो पर्चे लिए हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अबतक पर्चा नहीं लिया है। हालांकि, इस चर्चा के बाद गहलोत आज अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। वहीं, कुछ लोग उन्हें अध्यक्ष पद की रेस से बाहर बता रहे हैं।
Rajasthan Political Crisis: अशोक गहलोत आज दिल्ली आ सकते हैं
अशोक गहलोत ने मंगलवार को अपने कुछ करीबी विधायकों और मंत्रियों से मुलाकात की। इसमें उन्होंने कहा कि उनकी किसी पद को लेकर कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी इस बारे में अगस्त में अवगत करा दिया था। अशोक गहलोत भी आज दिल्ली आ सकते हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्तूबर को होगा। इसका परिणाम 19 अक्तूबर को घोषित किया जाएगा।
संबंधित खबरें…
- Congress President Election : कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में बने हुए हैं अशोक गहलोत, मिल गई क्लीनचिट; जानिए राजस्थान से दिल्ली तक कांग्रेस में मचे घमासान की कहानी…
- शशि थरूर लड़ सकते हैं Congress President Election, जानें क्या बोले जयराम रमेश..
- सुप्रीम कोर्ट से उद्धव गुट को झटका! Shiv Sena किसकी? चुनाव आयोग करेगा फैसला