Weather Update: दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में मानसून के पहुंचते ही मौसम सुहाना हो गया है। बीच-बीच में हो रही बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। इसकी वजह से बीते कई दिनों से लगातार उमस और गर्मी से बेहाल दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिल गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 कम 23 और अधिकतम तापमान सामान्य से 5 कम 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
Weather Update: दिल्ली में आज भी छाए रहेंगे बादल
दिल्ली में आज यानी 2 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे। आज भी बारिश का पूर्वानुमान है। नोएडा की बात करें तो नोएडा में अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके साथ ही बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसी तरह पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं चार जुलाई को दिल्ली में भारी बरसात और आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है। बताते चले कि पिछले साल दिल्ली और आसपास में मानसून 13 जुलाई को पहुंचा था।

मुंबई में बारिश से बुरा हाल
बात अगर मुंबई की करें मुंबई में मानसूनी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शहरभर में ट्रेन और बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कुर्ला, चेंबूर, सायन, दादर और अंधेरी सहित मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि मौसम की पहली भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव देखा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार देश के तटीय राज्यों कोंकण, गोवा, कर्नाटक और माहे में कई स्थानों पर तूफान और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। हालांकि यहां भी भारी बारिश होगी। इसके अलावा देश के अन्य भागों मसलन पूर्वोत्तर, बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश होगी।
यह भी पढ़ें:
Mumbai News: मुंबई में बारिश बनी परेशानी का सबब, जगह-जगह जलभराव से यातायात प्रभावित
Weather Update: Delhi-NCR में चलेंगी तेज हवाएं, शाम तक मौसम बदलने की संभावना