UP Politics: कुशीनगर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान: फाजिलनगर का नाम होगा ‘पावागढ़’, 424 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

0
0

UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान जिले को 424 करोड़ रुपये से अधिक की 278 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने के प्रस्ताव की जानकारी देते हुए कहा कि इससे यह क्षेत्र भगवान महावीर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़कर वैश्विक पहचान हासिल करेगा।

फाजिलनगर को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि फाजिलनगर केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि जैन धर्म और भगवान महावीर से जुड़ी महत्वपूर्ण विरासत का केंद्र है। इसी ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इसका नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने का प्रस्ताव भेजा गया है। उनका कहना था कि यह कदम क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

‘कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक का सफर’

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध, अराजकता और अवैध हथियारों के निर्माण से जुड़ी थी। आज वही प्रदेश देश की रक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के कारण प्रदेश की छवि पूरी तरह बदली है।

कुशीनगर की बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दशक पहले कुशीनगर इंसेफेलाइटिस, बेरोजगारी, अव्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आवास और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक बदलाव दिखाई दे रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 90 हजार गरीब परिवारों को आवास, 3 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। वहीं मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र को नई पहचान दी है।

इंसेफेलाइटिस और माफिया दोनों पर प्रहार

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस तरह इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर नियंत्रण पाया गया है, उसी तरह प्रदेश में माफिया राज का भी प्रभावी ढंग से अंत किया गया है। उन्होंने कहा कि “मच्छर बीमारी फैलाता था और माफिया बेरोजगारी व भय का माहौल पैदा करता था, लेकिन सरकार ने दोनों समस्याओं का समाधान किया है।”

मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी, समय पर भुगतान और निवेश के जरिए रोजगार सृजन को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया।

राम मंदिर और एक वोट की ताकत का जिक्र

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था और लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का एक वोट विकास और परिवर्तन की दिशा तय करता है। इसी जनादेश की ताकत से राम मंदिर निर्माण, धारा 370 की समाप्ति और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जैसे बड़े फैसले संभव हुए हैं।

विकास की रफ्तार रहेगी जारी : सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कुशीनगर समेत पूरे पूर्वांचल में विकास परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सांसद शशांक मणि, सांसद रवि किशन, विधायक डॉ. असीम कुमार, विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:

Hamirpur Bridge Collapse: बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल दुर्घटना की जांच के लिए दो उच्चस्तरीय समितियां गठित, जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज

शाकम्भरी देवी खोल हादसे पर सीएम योगी सख्त, पीड़ितों को मुआवजा देने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के दिए निर्देश