UP News: लोधेश्वर धाम पहुंचे CM योगी, कॉरिडोर निर्माण कार्य का लिया जायजा

0
0

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बाराबंकी स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक किया। उन्होंने बाबा भोलेनाथ की आरती उतारकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में पारंपरिक डमरू वादन और स्थानीय कलाकारों ने उनका स्वागत किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना भी की।

कॉरिडोर निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में निर्माणाधीन लोधेश्वर धाम कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता तथा तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

बच्चों का अन्नप्राशन, दिव्यांगों को बांटी ट्राइसाइकिल

मंदिर परिसर के पीछे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार में भाग लिया। उन्होंने बच्चों को खिलौने और चॉकलेट देकर स्नेह व्यक्त किया तथा प्रदर्शनी में लगाए गए मॉडलों का अवलोकन कर बच्चों से बातचीत भी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर बाराबंकी जिले के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें जिले में चल रही विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को धार्मिक पर्यटन, सामाजिक कल्याण और स्थानीय विकास परियोजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।