मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने शुक्रवार को देवरिया में ₹655 करोड़ की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब अराजकता और माफिया राज से निकलकर विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है।
देवरिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार समस्याओं को टालने वाली नहीं, बल्कि समाधान देने वाली सरकार है। उन्होंने कहा, “हम समस्याएं नहीं, समाधान देते हैं, तभी जनता हमें लगातार आशीर्वाद देती है।”
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की “डबल इंजन सरकार” को विकास की नई रफ्तार का आधार बताया।
देवरिया की बदली तस्वीर का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने पुराने राजनीतिक अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह गोरखपुर से सांसद थे, तब देवरिया आने-जाने में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि उस दौर में सड़कें जर्जर थीं, कई मार्ग सिंगल लेन थे और चौरी-चौरा रेलवे क्रॉसिंग पर घंटों जाम लगा रहता था।
सीएम योगी ने कहा कि आज वही देवरिया फोरलेन कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है और कई नई सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि देवरिया-कसया फोरलेन, बाईपास और अन्य सड़क परियोजनाएं पूर्वांचल की कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी। इससे देवरिया का संपर्क मऊ, वाराणसी, लखनऊ और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से मजबूत होगा।
‘विकास की नींव मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सड़कें, फ्लाईओवर और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ही निवेश और रोजगार की असली नींव होते हैं।
उन्होंने बताया कि देवरिया से कसया, बरहज मार्ग और विभिन्न पुल परियोजनाओं के लिए सरकार ने धनराशि स्वीकृत कर दी है और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से कुशीनगर कृषि विश्वविद्यालय को नए सत्र से शुरू करने की तैयारी करने को भी कहा। मुख्यमंत्री के मुताबिक यह विश्वविद्यालय किसानों को आधुनिक खेती और कम लागत में अधिक उत्पादन के नए तरीके सिखाएगा।
‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्षी दलों, खासकर पूर्व सपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के हर जिले में माफिया सक्रिय थे, त्योहारों पर उपद्रव होते थे और व्यापारी व बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं।
सीएम ने कहा, “पहले उत्तर प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ थी, लेकिन आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ नई पहचान बन चुके हैं।”
उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और कोई भी गुंडा टैक्स वसूली या अराजकता फैलाने की हिम्मत नहीं कर सकता।
रोजगार, मेडिकल कॉलेज और स्किल डेवलपमेंट पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ साल पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज बनेगा, लेकिन आज महर्षि देवरहा बाबा के नाम पर सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है।
उन्होंने आईटीआई संस्थानों को स्किल डेवलपमेंट सेंटर बताते हुए कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण देकर उद्योगों से जोड़ा जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
सीएम योगी ने किसानों के लिए गन्ना मूल्य, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और गरीबों के लिए आवास, राशन और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।
‘यूपी की पहचान अब विरासत और विकास’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान पूरी दुनिया में बदल चुकी है।
उन्होंने अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज, नैमिषारण्य और कुशीनगर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का पुनर्जागरण हुआ है।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर जनता के विश्वास और डबल इंजन सरकार के संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि आज देश के अलग-अलग राज्यों में लोग उन्हें देखकर “जय श्रीराम” कहकर अभिवादन करते हैं, जो उत्तर प्रदेश की बदली हुई पहचान और सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक है।









