Weather Update: दिल्ली-एनसीआर भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अप्रैल में ही गर्मी और लू ने पिछले पांच सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।सोमवार इस साल का ही नहीं बल्कि पिछले पांच सालों का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।इस माह में लगातार पांच दिन लू के थपेड़ों ने परेशान किया। वर्ष 2011 से लेकर अभी तक केवल 2017 में ही ऐसा हुआ जब लगातार छह दिन लू चली। इस हिसाब से लू ने भी पांच साल का रिकार्ड तोड़ दिया है।
राजधानी दिल्ली में 21 अप्रैल 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 29 अप्रैल 1941 को महीने का अब तक का उच्चतम अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह भी 72 साल में पहली बार है कि दिल्ली में अप्रैल के पहले पखवाड़े में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया है।

Weather Update: मिल सकती है थोड़ी राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को बादल छाए रहने की आशंका है। ऐसे में तापमान और लू के थपेड़ों में कुछ राहत मिल सकती है।मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
जबकि बुधवार और गुरुवार को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य है। रिज एरिया और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के इलाके में गर्मी सबसे अधिक रही। इन दोनों इलाके में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक है।

पूरे उत्तर भारत में गर्मी का कहर
बढ़ते तापमान और लू से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी दी है। आईएमडी के मुताबिक, राजस्थान, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना है।
राजधानी दिल्ली में गर्मी के चलते मौसम विभाग ने ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के कई जगहों पर हीटवेव कंडीशन और बहुत से इलाकों में सीवियर हीटवेव कंडीशन की भविष्यवाणी की गई है। दिन के समय आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तराखंड में हो सकती है बारिश
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण आने वाले दो से तीन दिनों में उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बारिश होने की संभावना बनी है।इसके कारण यहां के तापमान में कुछ कमी आ सकती है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यहां जानें अपने शहर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
दिल्ली | 42.6 | 22.5 |
नोएडा | 40 | 30 |
गुरुग्राम | 41 | 30 |
फरीदाबाद | 31 | 42 |
मुंबई | 34 | 28 |
कोलकाता | 35 | 30 |
चेन्नई | 35 | 30 |
लखनऊ | 41 | 30 |
बेंगलुरु | 33 | 25 |
(नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में दिया गया है)
विस्तृत चुनाव परिणाम के लिए यहां क्लिक करें। ताजा खबरों के लिए हमारे साथ Facebook और Twitter पर जुड़ें।
संबंधित खबरें
- Weather Update: Delhi-NCR में बढ़ते पारे से लोग बेहाल, इस सप्ताह तापमान 42 डिग्री पार करने की संभावना
- Weather Live Updates: दिल्ली में लोग झेल रहे लू की मार, 41 डिग्री सेल्सियस चढ़ा पारा