Weather Update : राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में ठंड का कहर जारी है। गुरुवार से हो रही बारिश अभी दो दिन और होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के पहले सप्ताह में हो रही बारिश ने ठिठुरन और भी बढ़ा दी। दिल्ली का पारा शुक्रवार की सुबह 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 3 फरवरी का दिन पिछले 19 वर्षों में सर्वाधिक ठंडा रहा। दिनभर बादल और कोहरा (Fog) छाए रहने की वजह से अधिकतम पारा सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 14.4 पर पहुंच गया। इससे पहले 1 फरवरी, 2003 को अधिकतम पारा 14.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का था।
Weather Update: Western Disturbence का है असर
उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण फरवरी के पहले सप्ताह में ही सर्दी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। बीते 71 साल में यह चौथी बार है जब फरवरी में तापमान में इतनी अधिक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने जारी किया था Yellow Alert
मौसम विभाग ने एक दिन पहले बारिश की संभावना जताते हुए गुरुवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। बुधवार देर रात से ही तेज हवा के साथ मौसम बदलना शुरू हो गया। दिल्ली में गुरुवार की सुबह घनी धुंध और बारिश की वजह से ठिठुरन काफी बढ़ गई। सुबह 8.30 बजे तक 0.6 मिलीमीटर और शाम 5.30 बजे तक 0.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। दिनभर बादल छाए रहने के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली और लोग ठिठुरते रहे।
अलाव के सहारे ठंड से बचते दिखे लोग
दिल्ली – एनसीआर सहित कई इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर के सहारे दिखे। नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में सर्दी से बचने के लिए सड़कों पर लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। घरों में हीटर के सहारे खुद को बचाने प्रयास किया। हवा में नमी का स्तर 74 से 95 फीसदी तक रहा। जनवरी में बारिश ने जहां 88.2 मिलीमीटर के साथ 122 साल का रिकॉर्ड बनाया है, वहीं 25 जनवरी को दिन का पारा सामान्य से 10 डिग्री सेल्यिस लुढ़ककर 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे पहले 3 जनवरी, 2003 को 9.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
संबंधित खबरें: