MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के एक गांव से चौकाने वाली खबर सामने आई है। जहां गांव में लगे एक हैंडपंप से पानी के साथ आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती नजर आयीं। इस घटना से लोग बहुत हैरान हो गए। किसी को कुछ समझ नहीं आया कि आखिर ऐसा हो क्यों रहा है। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स इस वीडियो को देखकर दंग रह गए!

जानकारी के अनुसार, मामला छतरपुर जिले के बकस्वाहा नगर के कछार गांव का है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 2 हैंडपंप हैं। बुधवार को सुबह स्कूल के पास वाले हैंडपंप से अपने-आप एकसाथ आग और पानी निकलने लगा। ग्रामीणों को जब पता चला तो देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस भयानक दृश्य को देखकर लोग डर गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी।
MP News: क्या कहता है विज्ञान?
भोपाल शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉक्टर ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुछ हैंडपंप से पानी के साथ ज्वलनशील गैस का निकलना कोई चमत्कारी घटना नहीं है। यह सामान्य तौर पर हाइड्रोकार्बन (मीथेन) गैस होती है। जहां अवसादी चट्टानों में पेड़-पौधों के अवशेष अवसाद (बारीक रेत) के साथ दलदली क्षेत्र में जमा होते हैं वहां भौतिक-रासायनिक पृक्रम द्वारा विघटन-अपघटन द्वारा मीथेन गैस का निर्माण होता है।
यह गैस गर्म होने से या जलने से घनत्व में कम होती है। इसलिए ये ऊपर को उठती है और वैक्यूम निर्मित होता है जिससे इस गैस के नीचे स्थित भौमजल भी ऊपर की ओर उठता है। यह क्रम एकान्तरित रूप से चलता है।
नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि हैंडपंप के मुख्य पाइप से पानी के साथ आग की लपटों का वीडियो निश्चित ही कौतूहल का विषय है, लेकिन ये कोई पहली घटना नहीं है। इस प्रकार की घटना समय-समय पर अनेक क्षेत्रों में देखी गई हैं। पानी के साथ आग के उछाल मारने में ही इसके पीछे छिपे वैज्ञानिक कारण को बताता है। भूगर्भ में ज्वलनशील गैस मीथेन की उपस्थिति ही इस आग का कारण हो सकती है।

सारिका ने बताया कि पृथ्वी की गहराई में पौधों एवं जंतुओं के लम्बे समय तक दबे रहने से वे समय के साथ पेट्रोलियम के उत्पादों में बदल जाते हैं। इनमें से मीथेन गैस भी होती है। संभव है उस हैंडपम्प के नीचे की भूमि में ये स्थिति हो। दाब के साथ गैस ऊपर निकल रही है। किसी व्यक्ति द्वारा एक बार इस गैस के पास माचिस जलाने के बाद यह लगातार जलती जा रही है। गैस अपने साथ पानी को भी लाती है।
MP News: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो

हैंडपंप से पानी और आग एक साथ निकलने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह क्लिप तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जा रहा है। ट्विटर पर इसे कई यूजर्स ने साझा किया।
यह भी पढ़ें:
- Viral Video: ट्रेन की छत पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी महिला; इतने में आ गया पुलिस वाला…
- Ganesh Chaturthi 2022: सोने से बनाई गई बप्पा की 18 फीट लंबी मूर्ति; देखें वीडियो