Rajasthan Politics: कांग्रेस ने रविवार शाम को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर राजस्थान में अपने विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। जहां गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन का मुद्दा उठाया जा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रभारी महासचिव अजय माकन बैठक में मौजूद रहेंगे। सूत्रों ने कहा कि अगर गहलोत को पार्टी प्रमुख के रूप में चुना जाता है तो राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन किया जा सकता है।

Rajasthan Politics: अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट; 10 बड़ी बातें…
- अशोक गहलोत को इस्तीफा देना पड़ा तो सचिन पायलट मुख्यमंत्री पद के मुख्य दावेदार हैं। पायलट ने शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी से मुलाकात की। दिलचस्प बात यह है कि जोशी का नाम भी चर्चा में है। जोशी पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं।
- अशोक गहलोत ने पुष्टि की कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। जब उनसे सवाल किया गया कि राजस्थान में क्या होगा? उन्होंने कहा कि पार्टी फैसला करेगी।
- इससे पहले गहलोत ने कहा था कि कोई व्यक्ति पार्टी का अध्यक्ष रहते हुए मंत्री रह सकता है, लेकिन राहुल गांधी ने एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत के पक्ष में एक संदेश जारी किया है।
- राजस्थान के कई मंत्रियों ने अब इस बात की वकालत की है कि गहलोत के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भी उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में बरकरार रखा जा सकता है।
- गहलोत ने कहा कि एक व्यक्ति, एक पद पर बहस अनावश्यक है और उन्होंने केवल इतना कहा है कि वह जीवन भर अपने गृह राज्य राजस्थान की सेवा करना चाहेंगे। “यह बहस अनावश्यक है। मैं चुप रहा। मीडिया की माने तो मैं मुख्यमंत्री का पद नहीं छोड़ना चाहता … । नामांकन फॉर्म भरने के बाद भी, मैं राजस्थान का हूं और जीवन भर राज्य की सेवा करना चाहता हूं। ऐसा कहने में क्या गलत है? लोग इसका एक अलग अर्थ निकालते हैं।
- राजस्थान के मंत्री गोविंद राम मेघवाल कहा कि राज्य में एक साल में चुनाव होने हैं। आलाकमान अगर अशोक गहलोत को कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री दोनों पद दे देता है तो यह हमारे लिए अधिक सुखद होगा।
- खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि वह कई मंत्रियों के साथ राज्य में कोई नेतृत्व परिवर्तन नहीं चाहते हैं। “हम सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी जी से मिलकर अनुरोध करेंगे कि राजस्थान नेतृत्व परिवर्तन नहीं चाहता है। हम अपने विचार रखेंगे। हमें चुनाव में अशोक गहलोत के कार्यों को लोगों के बीच ले जाना होगा, इसलिए इसमें बदलाव की कोई आवश्यकता नहीं है।”
- हालांकि मंत्री ने कहा कि उन्हें सचिन पायलट के मुख्यमंत्री बनने से भी कोई दिक्कत नहीं है। दरअसल, कुछ मंत्री पायलट को ‘अहम चेहरा’ बता रहे हैं
- यदि नेतृत्व परिवर्तन के प्रश्न पर आज के बैठक में विचार किया जाता है और निर्णय लिया जाता है, तो गहलोत के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और अगले सप्ताह नामांकन दाखिल करने की संभावना है।
- कांग्रेस के शीर्ष पद के लिए गहलोत और शशि थरूर के बीच मुकाबला होगा। थरूर के प्रतिनिधि ने शनिवार को नामांकन पत्र जमा कर दिए हैं। चुनाव 17 अक्टूबर को होने की संभावना है और नए कांग्रेस अध्यक्ष की घोषणा 19 अक्टूबर को की जाएगी।
यह भी पढ़ें:
- Bharat Jodo Yatra: सोनिया गांधी ने भारत जोड़ो अभियान के लिए किया तीन टीमों का गठन
- APN Live Updates: योगी सरकार के चार साल, CM ने कहा-“आत्मनिर्भर बन रहा है उत्तर प्रदेश”
- 5 लाख के कर्ज में डूबे किसान ने की आत्महत्या, कमलनाथ सरकार ने किया कर्जमाफ