उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज अब करीब है। सोमवार को लखनऊ स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लीग के उद्घाटन समारोह की टिकटों का आधिकारिक लॉन्च किया गया। इस बार क्रिकेट के साथ संगीत, ड्रोन शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी भव्य संगम देखने को मिलेगा।
14 अगस्त को होगा भव्य उद्घाटन समारोह
लीग का उद्घाटन समारोह 14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में आयोजित होगा। आयोजन समिति ने शुरुआती चरण में 4,000 टिकटें रियायती दरों पर जारी की हैं। अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट 499 रुपये निर्धारित की गई है। टिकट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होंगी और इन्हें ई-डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से भी खरीदा जा सकेगा।
उद्घाटन समारोह में देश के प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। इसके अलावा हाई-टेक ड्रोन शो, आकर्षक आतिशबाजी और लोकप्रिय एंकर जतिन सप्रू की मेजबानी समारोह को और खास बनाएगी।
पहली बार दो शहरों में होगी लीग
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार लीग का आयोजन पहली बार दो शहरों—लखनऊ और कानपुर में किया जा रहा है।
पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां उद्घाटन समारोह सहित 22 मुकाबले होंगे। इसके बाद दूसरा चरण 28 अगस्त से ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर में शुरू होगा, जहां 12 मैच खेले जाएंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में भव्य समापन समारोह के साथ आयोजित किया जाएगा।
डॉ. कपूर ने कहा कि इस बार लीग का उद्देश्य क्रिकेट के साथ दर्शकों को विश्वस्तरीय मनोरंजन का अनुभव देना है। इससे उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच भी मिलेगा।









