IND vs NZ 5th T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफिल्ड स्टेडियम में खेला जाएगा, लेकिन यह मैच सिर्फ औपचारिक नहीं रहने वाला। टीम इंडिया सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना चुकी है, फिर भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के लिए यह मुकाबला बेहद खास बन गया है। उनकी नजर अब एक ऐसे रिकॉर्ड पर है, जो उन्हें भारतीय टी20 इतिहास के खास क्लब में शामिल कर सकता है।
सीरीज जीत के बाद भी बड़ा लक्ष्य
भारतीय टीम ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए 3-1 से सीरीज अपने नाम कर ली है, लेकिन कप्तान सूर्या की व्यक्तिगत फॉर्म इस दौरे की बड़ी कहानी रही है। शुरुआती मुकाबले में सस्ते में आउट होने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार दो अर्धशतक जड़कर लय हासिल की। चार मैचों में 179 रन बनाकर वह सीरीज के टॉप रन-स्कोरर भी बने हुए हैं। सूर्या के बाद भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (152) ने सबसे अधिक रन बनाए हैं और वे चौथे टी20 तक तीसरे स्थान पर रहे. जबकि सीरीज में अबतक कीवियों की और से 169 बनाकर ग्लेन फिलिप्स दूसरे नंबर पर काबिज हैं।
3000 रन का ऐतिहासिक पड़ाव
सूर्याकुमार मौजूदा सीरीज में चार टी20 खेलने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में 2,967 रन पर खड़े हैं। यानी तिरुवनंतपुरम में अगर वह 33 रन बना लेते हैं, तो 3000 रन पूरे कर लेंगे। ऐसा करते ही वह भारत की ओर से इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले यह कारनामा भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) कर चुके हैं।
सूर्या ने अब तक 103 मैचों की 97 पारियों में यह रन बनाए हैं। यदि वह अगली पारी में ही 3000 रन पूरे कर लेते हैं, तो सबसे तेज 3000 टी20I रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर पहुंच सकते हैं, जहां उनकी बराबरी ऑस्ट्रेलिया के आरोन फिंच (Aaron Finch) से होगी।
टॉप 5 में पाकिस्तान का दबदबा
सबसे तेज 3000 रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) के नाम है, जिन्होंने यह मुकाम 79 पारियों में छुआ। इसके बाद क्रमशः बाबर आजम (Babar Azam) और विराट कोहली आते हैं। यूएई के मुहम्मद वसीम (Muhammad Waseem) इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
कप्तान के रूप में भी मजबूत दावा
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, कप्तानी में भी सूर्या ने प्रभाव छोड़ा है। उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने लगातार 11वीं बार द्विपक्षीय सीरीज जीतने का सिलसिला बरकरार रखा है। बता दें कि वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद रोहित शर्मा ने टी20 से सन्यास का ऐलान कर दिया था, जिसके बाद टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई थी। सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। वर्ल्ड कप 2026 से पहले यह लय टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।
अब सबकी निगाहें तिरुवनंतपुरम पर टिकी हैं, जहां एक बड़ा सवाल हवा में है—क्या सूर्यकुमार यादव बल्ले से इतिहास रच पाएंगे? 31 जनवरी, शनिवार को होने वाला मुकाबला सिर्फ सीरीज का आखिरी मैच नहीं, बल्कि सूर्या के करियर के एक अहम रिकॉर्ड का गवाह भी बन सकता है। जिसके लिए क्रिकेट फैंस उत्साहित हैं।









