SRH vs RR: हैदराबाद की हार की हैट्रिक या राजस्थान लगाएगी जीत का पंंजा? मैच से पहले जानें प्लेइंग XII और हेड-टू-हेड रिकाॅर्ड

0
0

SRH vs RR: आईपीएल 2026 का 21वां मुकाबला सोमवार को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) आमने-सामने होंगी। मौजूदा फॉर्म को देखें तो यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अलग-अलग मायने रखता है – जहां राजस्थान जीत की लय बरकरार रखकर टॉप पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी, जबकि हैदराबाद लगातार 2 मुकाबलों में खराब प्रदर्शन के बाद वापसी की तलाश में उतरेगी।

राजस्थान के पास जीत का शानदार मोमेंटम

राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और अपने शुरुआती चारों मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर काबिज है। टीम के बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही शानदार लय में नजर आ रहे हैं। ऐसे में राजस्थान इस मुकाबले में भी जीत दर्ज कर लगातार पांचवीं सफलता हासिल करना चाहेगी।

SRH पर बढ़ा दबाव

दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद का अभियान अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम ने चार में से सिर्फ एक मुकाबला जीता है और अंक तालिका में निचले पायदानों पर बनी हुई है। यदि हैदराबाद यह मैच हारती है तो यह उसकी लगातार तीसरी हार होगी, जो प्लेऑफ की राह को मुश्किल बना सकती है।

बैटिंग फायरपावर से भरपूर दोनों टीमें

इस मुकाबले में दर्शकों को हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है क्योंकि दोनों टीमों के पास विस्फोटक बल्लेबाजी लाइनअप मौजूद है। SRH के लिए अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। वहीं राजस्थान के पास यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल के साथ 15 वर्षीय ऑरेंज कैप धारक वैभव सूर्यवंशी हैं, जिन्होंने इस सीजन सभी को प्रभावित किया है।

गेंदबाजी में रॉयल्स का पलड़ा भारी

इतना ही नहीं, गेंदबाजी विभाग में भी राजस्थान रॉयल्स का दबदबा इस सीजन साफ नजर आया है। पर्पल कैप की रेस के टॉप-10 में फिलहाल टीम के तीन गेंदबाज – रवि बिश्नोई (9 विकेट), जोफ्रा आर्चर (5 विकेट) और नांद्रे बर्गर (5 विकेट), शामिल हैं, जो स्पिन और पेस दोनों विभागों में राजस्थान की गहराई और संतुलन को दर्शाता है।

दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी अब तक उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है। टीम की ओर से केवल हर्ष दुबे ही 5 विकेट के साथ टॉप-10 में जगह बना पाए हैं। प्रमुख तेज गेंदबाज हर्षल पटेल अभी तक प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं, जबकि जयदेव उनादकट ने KKR के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी के बाद भी विकेटों का सिलसिला जारी नहीं रख पाया। वहीं, टीम के स्टार पेसर पैट कमिंस अब तक स्क्वॉड से नहीं जुड़े हैं, जिससे SRH की गेंदबाजी और कमजोर नजर आ रही है। इस बीच उम्मीद यह भी जताई जा रही है कि आज टीम में ब्रायडन कार्स की एंट्री हो सकती है, जो पहले 2 हफ़्तों के लिए चोट के चलते बेंच पर बैठे हुए हैं।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा भारी?

अगर दोनों टीमों के बीच अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है।

  • कुल मुकाबले: SRH 12 – 9 RR
  • 2023 के बाद: SRH 4 – 1 RR
  • हैदराबाद में: SRH 5 – 1 RR

यानी घरेलू मैदान और हालिया रिकॉर्ड दोनों ही SRH के पक्ष में जाते हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XII

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH):
अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, सलील अरोड़ा, नितीश रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा/ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट/प्रफुल हिंगे

राजस्थान रॉयल्स (RR):
वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा/दासुन शनाका, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, बृजेश शर्मा

मैच का समीकरण

कागज़ों पर देखें तो मौजूदा फॉर्म, संतुलित टीम कॉम्बिनेशन और गेंदबाजी की धार के चलते राजस्थान रॉयल्स इस मुकाबले में मजबूत दावेदार नजर आ रही है। बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक टीम हर विभाग में संतुलित प्रदर्शन कर रही है। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद को घरेलू मैदान और हेड-टू-हेड रिकॉर्ड का फायदा जरूर है, लेकिन मौजूदा फॉर्म और गेंदबाजी की कमजोरी उसके लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

ऐसे में यदि SRH को यह मुकाबला जीतना है तो उसके बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा और गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में राजस्थान के इन-फॉर्म टॉप ऑर्डर पर दबाव बनाना होगा। वहीं राजस्थान की नजर अपने विजय रथ को जारी रखते हुए लगातार पांचवीं जीत दर्ज करने पर होगी।