कोहली को चाहने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। टेस्ट क्रिकेट में भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। विराट कोहली भारत के लिए टेस्ट में कप्तान के तौर पर सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। दरअसल, जोहानिसबर्ग टेस्ट की अपनी दूसरी पारी में 41 रन की पारी खेलने वाले कोहली रन बनाने के मामले में भारतीय कप्तानों के क्लब में टॉप पर पहुंच गए हैं। विराट बीते करीब 4 साल से टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं और इतने कम समय में ही वह भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कैप्टन बन गए हैं। इस मैच से पहले उनसे आगे एम. एस. धोनी थे।
जोहानिसबर्ग पारी के बदौलत बतौर टेस्ट क्रिकेट में भारतीय कप्तान विराट कोहली के रनों का आंकड़ा 3456 रन पर पहुंच गया, जोकि महेंद्र सिंह धोनी के 60 टेस्ट में बनाए गए 3454 रन से ज्यादा है। यहां तक पहुंचने में कोहली को 35 टेस्ट ही खेलने पड़े। कोहली ने इस दौरान 14 शतक और 6 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं कोहली से पहले धोनी ने 60 मैचों की 96 पारियों में 40.63 के औसत से 3,454 रन बनाए थे। धोनी के बल्ले से 5 शतक और 24 अर्धशतक निकले थे। बता दें कि विराट कोहली ने यह रन सबसे तेज गति से बनाए हैं और उन्होंने धोनी से आगे निकलने के लिए 35 टेस्ट में 57 इनिंग्स खेलकर ही धोनी का यह रेकॉर्ड तोड़ा।
धोनी ने भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के 47 टेस्ट में 3449 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया था। इस लिस्ट में मोहम्मद अजहरूद्दीन चौथे और पूर्व टेस्ट कप्तान सौरव गांगुली पांचवे पायदान पर है।