IND vs NZ T20I: नागपुर, रायपुर और गुवाहाटी—तीन शहर, तीन जीत और एक स्पष्ट संदेश: टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए सही दिशा में बढ़ रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर भारत ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। यह सिर्फ एक सीरीज जीत नहीं, बल्कि कई खिलाड़ियों के लिए ‘कमबैक’ और ‘फॉर्म वापसी’ की कहानी भी बन गई है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम का आत्मविश्वास साफ झलक रहा है और कॉम्बिनेशन भी धीरे-धीरे तय होता दिख रहा है।
टीम प्रबंधन के लिए यह सीरीज प्रयोग और स्थिरता के बीच संतुलन खोजने का मौका रही। जहां कुछ खिलाड़ियों ने लंबे अंतराल के बाद टीम में वापसी की, वहीं कुछ सितारों ने खराब दौर से बाहर निकलकर अपने इरादे साफ कर दिए। यही कारण है कि इस जीत को सिर्फ स्कोरलाइन से नहीं, बल्कि टीम बिल्डिंग के नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।
ईशान किशन की जोरदार वापसी
ईशान किशन की वापसी इस सीरीज की सबसे बड़ी कहानियों में से एक रही। घरेलू क्रिकेट में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम में वापसी की और मौका मिलते ही खुद को साबित किया। पहले मैच में भले जल्दी आउट हुए, लेकिन रायपुर टी20 में 235+ स्ट्राइक रेट से 76 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर नंबर 3 की बहस लगभग खत्म कर दी। तिलक वर्मा की चोट के बाद ईशान ने उस जगह को मजबूती दी। गुवाहाटी में भी उन्होंने 200+ स्ट्राइक रेट से 28 रन की तेज कैमियो खेलकर दिखाया कि वह सिर्फ एंकर नहीं, मैच की रफ्तार बदलने वाले बल्लेबाज हैं।
सूर्या की बल्लेबाजी और कप्तानी—दोनों पटरी पर
सूर्यकुमार यादव ने कप्तान और बल्लेबाज—दोनों भूमिकाओं में अपनी अहमियत साबित की। 2025 में खराब औसत और फॉर्म से जूझने के बाद उन्होंने इस सीरीज में साफ संकेत दे दिया कि “मिस्टर 360” वापस आ चुके हैं। नागपुर में तेजतर्रार कैमियो से शुरुआत, फिर रायपुर में विस्फोटक अर्धशतक (82 नाबाद) और उसके बाद तीसरे टी20 में एक और फिफ्टी 57 नाबाद) —लगातार दो अर्धशतक ने उनकी लय की वापसी पर मुहर लगा दी। उनकी शॉट वैरायटी और दबाव में खेलने की क्षमता ने दिखाया कि वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का कप्तान पूरी तरह तैयार है।
रिंकू सिंह को जब दोगे मौका, तब चौका !
रिंकू सिंह ने फिर साबित किया कि उन्हें मौका दो, वो गेम फिनिश कर चौंका देंगे। नागपुर में उनकी तेज पारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। नागपुर टी20 में उनकी 20 गेंदों पर 44 रन की विस्फोटक पारी ने टीम इंडिया का स्कोर 237 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके शॉट चयन और डेथ ओवरों में आक्रामकता ने विपक्षी गेंदबाजों की लाइन बिगाड़ दी। दूसरे और तीसरे मैच में भले बल्लेबाजी का नंबर नहीं आया, लेकिन फील्डिंग में उन्होंने अहम कैच पकड़कर योगदान दिया।
इससे पहले भी बड़े मंच पर रिंकू अपनी मैच फिनिशिंग क्षमता साबित कर चुके हैं। एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 19वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़कर भारत को यादगार जीत दिलाई थी। दबाव के क्षणों में शांत दिमाग से खेलना और हालात के हिसाब से शॉट चुनना उनकी खासियत है।
रिंकू की सबसे बड़ी ताकत यही है कि वे क्रीज पर आते ही रन गति बढ़ा सकते हैं। पहली ही गेंद से बाउंड्री लगाने का आत्मविश्वास और मैच की स्थिति को पढ़ने की समझ उन्हें आधुनिक टी20 क्रिकेट का भरोसेमंद फिनिशर बनाती है। टीम इंडिया के लिए वे सिर्फ एक बल्लेबाज नहीं, बल्कि डेथ ओवरों के ‘गेम चेंजर’ बन चुके हैं।
वर्ल्ड कप से पहले सही संकेत
सीरीज की बढ़त ने टीम को मनोवैज्ञानिक बढ़त दी है। गेंदबाजी यूनिट भी संतुलित नजर आई, जहां तेज गेंदबाजों और स्पिनरों ने जरूरत पड़ने पर विकेट दिलाए। सबसे अहम बात यह रही कि टीम ने अलग-अलग हालात में जीत दर्ज की, जो बड़े टूर्नामेंट से पहले जरूरी है।
इस टी20 सीरीज ने साफ कर दिया है कि भारत सिर्फ जीत ही नहीं रहा, बल्कि भविष्य की टीम भी गढ़ रहा है। अगर यही फॉर्म और तालमेल बरकरार रहा, तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया मजबूती के साथ उतरती नजर आएगी और टी20 टाइटल डिफेंड करेगी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर (पहले तीन मुकाबलों के लिए), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रित बुमरा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, एक्सर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।









