Republic Day 2026: कर्तव्य पथ पर ‘बुंदेलखंड की शाश्वत भव्यता’ की झलक, UP की झांकी ने बिखेरा इतिहास और विकास का रंग

0
0

Republic Day Celebration 2026: आज यानी 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर पहले सेनाओं की परेड और फिर झांकियों ने लोकतंत्र के महोत्सव में रंग भरा। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की झांकी ने दर्शकों का ध्यान खास तौर पर अपनी ओर खींचा। ‘बुंदेलखंड की शाश्वत भव्यता’ थीम पर आधारित इस प्रस्तुति में प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास की झलक एक साथ दिखाई दी। झांकी का दृश्य संयोजन इतना प्रभावशाली रहा कि दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इसकी सराहना करते नजर आए।

झांकी के अग्रभाग में कालिंजर से जुड़ी एकमुखी शिवलिंग की भव्य प्रतिकृति ने बुंदेलखंड की आध्यात्मिक गहराई और स्थापत्य कौशल को दर्शाया। मध्य भाग में क्षेत्र की जीवंत शिल्प परंपराओं को उकेरा गया, जिसमें मिट्टी के बर्तनों की कला, मनके का काम और पारंपरिक हाट-बाजार का दृश्य शामिल था। ये सभी शिल्प ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के अंतर्गत आते हैं, जो स्थानीय कारीगरों को आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने की पहल है।

झांकी का मुख्य आकर्षण कालिंजर किले का सजीव चित्रण रहा, जिसमें नक्काशीदार स्तंभ, ऐतिहासिक द्वार और स्थापत्य भव्यता को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके पीछे नीलकंठ महादेव मंदिर का दृश्य बुंदेलखंड के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करता दिखाई दिया।

प्रस्तुति के दौरान बुंदेली लोक नर्तकों ने पारंपरिक वेशभूषा और जोशीले नृत्य से झांकी को और भी जीवंत बना दिया। अंतिम हिस्से में दृश्य आधुनिक उत्तर प्रदेश की ओर मुड़ता नजर आया, जहां एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, आधुनिक अवसंरचना और विनिर्माण क्षमताओं का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। इस तरह झांकी ने अतीत की विरासत और वर्तमान की प्रगति के बीच एक संतुलित तस्वीर पेश की।