उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण महायज्ञ-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस वर्ष एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इस महत्वाकांक्षी अभियान के लिए राज्यभर की 2600 से अधिक नर्सरियों में 57.62 करोड़ पौधे तैयार कर लिए गए हैं। अब इन पौधों का वितरण विभागों, मंडलों और जनपदों में लगातार किया जा रहा है।
वन विभाग के अनुसार इस बार पौधरोपण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी है। अभियान में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ-साथ केंद्र सरकार के विभाग भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
नर्सरियों में तैयार हैं करोड़ों पौधे
पौधरोपण महायज्ञ के लिए सबसे अधिक पौधे वन विभाग की नर्सरियों में तैयार किए गए हैं। विभाग की 1,939 नर्सरियों में 52.46 करोड़ पौधे उपलब्ध हैं। इसके अलावा उद्यान विभाग की 146 नर्सरियों में 1.55 करोड़, रेशम विभाग की 55 पौधशालाओं में 44 लाख, जबकि 499 निजी पौधशालाओं में 3.17 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं। इन सभी नर्सरियों से संबंधित विभागों और जिलों को पौधों की आपूर्ति की जा रही है।
हर विभाग को सौंपा गया लक्ष्य
प्रदेश सरकार ने 35 करोड़ पौधरोपण अभियान के लिए विभागवार लक्ष्य भी निर्धारित किए हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग सबसे अधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा। इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़, पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ तथा राजस्व विभाग एक करोड़ पौधों का रोपण करेगा।
वहीं केंद्र सरकार के विभागों की भी इसमें महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी। रेलवे 12 लाख और रक्षा मंत्रालय 7 लाख पौधे लगाएगा। अन्य विभागों को भी उनके निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनभागीदारी से बनेगा अभियान ऐतिहासिक
मुख्य वन संरक्षक (प्रचार/प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि पौधरोपण महायज्ञ के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता की भागीदारी से इस अभियान को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नर्सरियों से लगातार पौधों का वितरण किया जा रहा है ताकि 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधरोपण सुनिश्चित किया जा सके।
विभागवार नर्सरी एवं उपलब्ध पौधे
| विभाग | नर्सरी | उपलब्ध पौधे |
|---|---|---|
| वन विभाग | 1,939 | 52.46 करोड़ |
| उद्यान विभाग | 146 | 1.55 करोड़ |
| रेशम विभाग | 55 | 44 लाख |
| निजी पौधशालाएं | 499 | 3.17 करोड़ |
विभागवार पौधरोपण लक्ष्य (12 जुलाई महाभियान)
| विभाग | लक्ष्य |
|---|---|
| पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन | 15.50 करोड़ |
| ग्राम्य विकास | 10 करोड़ |
| कृषि | 3.25 करोड़ |
| उद्यान | 1.50 करोड़ |
| पंचायती राज | 1.22 करोड़ |
| राजस्व | 1 करोड़ |
| नगर विकास | 45 लाख |
| जलशक्ति | 23 लाख |
| उच्च शिक्षा | 20 लाख |
| चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण | 16 लाख |
| पशुपालन | 15 लाख |
| रेशम | 14 लाख |
| लोक निर्माण | 14 लाख |
| बेसिक शिक्षा | 12 लाख |
| एमएसएमई | 12 लाख |
| रेलवे | 12 लाख |
| माध्यमिक शिक्षा | 11 लाख |
| अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास | 10 लाख |
| गृह | 10 लाख |
| रक्षा | 7 लाख |
| ऊर्जा | 6 लाख |
| सहकारिता | 6 लाख |
| आवास एवं शहरी नियोजन | 6 लाख |
| प्राविधिक शिक्षा | 5 लाख |
| श्रम | 4 लाख |
| परिवहन | 3 लाख |









