“भाजपाई और उनके संगी-साथियों ‘बच्चों’ को तो छोड़ दो”, कोडीन कफ सिरप मामले पर अखिलेश यादव का BJP पर हमला

0
0
कोडीन कफ सिरप मामले पर अखिलेश यादव ने BJP को घेरा।
कोडीन कफ सिरप मामले पर अखिलेश यादव ने BJP को घेरा।

कोडीन कफ सिरप से जुड़े मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया (X) के जरिए सरकार और उससे जुड़े लोगों को निशाने पर लेते हुए कहा कि अब कम से कम बच्चों को तो छोड़ दो।

अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि जालसाजी, जहरीली नशीली कोडीन और गौरवग्रंथ से जुड़ी बदनामी से बचने का अब भाजपा के पास सिर्फ एक ही रास्ता बचा है, और वह यह कि वे खुद अपना नाम बदल लें।

उन्होंने आगे लिखा, “भाजपाई और उनके संगी-साथियों ‘बच्चों’ को तो छोड़ दो।”

सपा प्रमुख का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में कोडीन कफ सिरप की अवैध सप्लाई को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा है कि सरकार इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदारी से बचती नजर आ रही है।

विधानसभा में आज कोडिन सिरप पर चर्चा के बाद अखिलेश यादव का ये बयान आया है, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज हो सकती है।

इससे पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “देश में दो ” वाले बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। अखिलेश ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए इसे “आत्म-स्वीकृति” करार दिया था।

अखिलेश यादव ने लिखा था कि किसी को उम्मीद नहीं थी कि दिल्ली और लखनऊ की लड़ाई इस स्तर तक पहुंच जाएगी। उन्होंने संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में लोक-लाज और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। सपा प्रमुख ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के अंदर चल रही खींचतान को चौराहों पर लाना ठीक नहीं है, क्योंकि अगर कोई नाराज़ हो गया तो हालात संभालना मुश्किल हो सकता है।