दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के कुलपति (VC) प्रो. योगेश सिंह (Prof. Yogesh Singh) को ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (AICTE) के चेयरमैन पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें नियमित चेयरमैन की नियुक्ति होने या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, दी गई है।
शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सोमवार को जारी पत्र के अनुसार, यह फैसला AICTE के मौजूदा चेयरमैन प्रो. टी.जी. सीताराम का कार्यकाल 20 दिसंबर 2025 को समाप्त होने के बाद लिया गया। इसके बाद प्रो. योगेश सिंह को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रो. योगेश सिंह अक्टूबर 2021 से दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में कार्यरत हैं और उन्हें एक अनुभवी शिक्षाविद् व कुशल प्रशासक के तौर पर जाना जाता है। इससे पहले वह नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (NCTE) के चेयरपर्सन भी रह चुके हैं। अगस्त 2023 में उन्हें स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था।
उनके प्रशासनिक अनुभव की बात करें तो प्रो. योगेश सिंह ने 2015 से 2021 तक दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) के कुलपति के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा वह 2014 से 2017 तक नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली के निदेशक और 2011 से 2014 तक महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा (गुजरात) के कुलपति भी रह चुके हैं।
शैक्षणिक रूप से प्रो. योगेश सिंह ने एनआईटी कुरुक्षेत्र से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में पीएचडी की है। सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में शिक्षण, नवाचार और शोध में उनका योगदान उल्लेखनीय माना जाता है। AICTE चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद तकनीकी शिक्षा से जुड़े अहम फैसलों में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।









