उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद और फैजाबाद जिलों का नाम बदल दिया है। इस बीच विधायक ने अब ताज महल के लिए पूरी दुनिया में मशहूर उत्तर प्रदेश के शहर आगरा का नाम बदलने की मांग की है। भाजपा के विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने सीएम को पत्र लिखकर इसका नाम बदलकर ‘अग्रवन’ किए जाने का अनुरोध किया है। इससे पहले मेरठ के सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मीनगर किए जाने की मांग उठा चुके हैं।

आगरा नार्थ से भाजपा विधायक गर्ग ने सीएम योगी को लिखे पत्र में कहा है, ” आगरा में बहुत सारे वन (जंगल) और अग्रवाल (महाराजा अग्रसेन के अनुयायी) भी हैं, इसलिए शहर का नाम बदलकर ‘अग्रवन’ किया जाना चाहिए।” विधायक ने कहा कि इस क्षेत्र को शुरुआत में अग्रवन के नाम से जाना जाता था। महाभारत में इसका उल्लेख भी मिलता है। लेकिन समय के साथ, शहर को अकबरबाद के रूप में नामित किया गया। बाद में यह ‘आगरा’ बन गया। इसका कोई विशेष अर्थ नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस शहर का नाम दोबारा से ‘अग्रवन’ किया जाना चाहिए। विधायक ने कहा, ” मैं मुख्यमंत्री से मिलूंगा और उनसे आगरा का नाम अग्रवन करने की मांग करूंगा। वैश्य समुदाय जो महाराजा अग्रसेन के अनुयायी हैं, उनकी आगरा में करीब 10 लाख की संख्या है।” बता दें कि दिवाली के अवसर पर अयोध्या पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या करने का ऐलान किया। जबकि इससे पहले लखनऊ में नए बने स्टेडियम का नाम इकाना से भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम कर दिया गया है। इससे पहले इलाहाबाद को प्रयागराज किया जा चुका है।

Also Read:

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here