उत्तर प्रदेश में अयोध्या के प्रसिद्ध सावन झूला मेले की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। पन्द्रह दिन तक चलने वाला यह मेला चौदह अगस्त से शुरू होगा। अपर जिलाधिकारी नगर/मेलाधिकारी विंध्यवासिनी राय ने मंगलवार को यहां ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि 14 अगस्त से शुरू हो रहे सावन झूला मेला की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इस सिलसिले में जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाठक की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ कई बैठकें आयोजित की गयी। उन्होंने बताया कि अयोध्या में खराब सड़कों को ठीक करवाया जा रहा है। साथ ही मेला क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिये व्यापक व्यवस्था की जा रही है।

मेलाधिकारी ने बताया कि मेला क्षेत्र को बीस सेक्टरों में विभाजित करके सेक्टर प्रभारी नियुक्त किये जायेंगे। अयोध्या के विभिन्न घाटों तथा यातायात नियंत्रण के लिये छह जोन बनाये जायेंगे। प्रत्येक क्षेत्र में एक जोनल मजिस्टे्रट की नियुक्ति की जायेगी जिससे आने वाले तीर्थ यात्रियों के सही दिशा में चलने व निगरानी रखने के लिये कार्य करेंगे।उन्होंने बताया कि सरयू तट के किनारे कच्चा घाट-पक्का घाट और बंधा तिराहे पर वाच टॉवरों तथा सीसीटीवी कैमरे की स्थापना की जा रही है। श्री राय ने बताया कि मेले में भीड़ को नियंत्रित रखने एवं उसे सही दिशा में मोडने के लिये विभिन्न मार्गों तक मंदिरों पर करीब 15 सौ बैरियर लगाये जा रहे हैं। मेले में पेयजल, खाद आपूर्ति, चिकित्सा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, जल बैरीकेडिंग के साथ-साथ जगह-जगह वॉच टावरों की स्थापना की जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र में लाउडस्पीकर भी लगाये जा रहे हैं जिससे मेलार्थी को समय-समय पर दिशा-निर्देश दिया जा सके। मेला क्षेत्रों में गंदगी व्याप्त न हो इसके लिये लगभग चार सौ सफाई कर्मी तथा अस्थाई शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अयोध्या के प्रसिद्ध मंदिर हनुमानगढ़ी की सीढिय़ों पर फिसलन को देखते हुए बालू का छिड़काव भी कराया जा रहा है। कच्चा घाट व पक्का घाट पर लगभग 35 नाव की तैनाती की जा रही है जिससे श्रद्धालु सुरक्षित ढंग से सरयू नदी में स्नान कर सकें। मेलाधिकारी ने बताया कि मेला क्षेत्र में करीब आठ जगहों पर उपचार केन्द्र बनाये गये हैं। विभिन्न मार्गों पर खोया-पाया शिविर लगाया गया है। स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिये नदी पर पुलिस बल तैनात किये गये हैं और घाटों को चारों तरफ कई मोटर बोटें लगायी गयी हैं। उन्होंने बताया कि सावन झूला मेला 14 अगस्त से शुरू होगा जो 26 अगस्त को समाप्त होगा। इस मेले में दूरदराज से लाखों श्रद्धालु यहां आते हैं।

                                                                                                             साभार- ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here