अपनी विदेश नीति को आगे बढ़ाते हुए कल से चार दिनों की यात्रा पर पीएम मोदी तीन देशों का दौरा करेंगे। पहले वो रवांडा जाएंगे, फिर युगांडा औऱ अंत में दक्षिण अफ्रीका होते हुए भारत लौटेंगे। बता दें कि यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला रवांडा यात्रा होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले सप्ताह 23 से 27 जुलाई तक रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका की यात्रा पर जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका की यात्रा के दौरान वह ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे जिसमें अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा समेत कई वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय के सचिव (आर्थिक संबंध) टी. एस. तिरूमूर्ति ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री सबसे पहले दो दिन की यात्रा पर रवांडा जाएंगे।

खबरों के मुताबिक, पीएम मोदी की रवांडा यात्रा कई मायनों में खास है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रवांडा में सामाजिक सुरक्षा योजना में मदद के तौर पर तोहफे में 200 गाय देंगे। इन्हें वहीं से खरीदा जाएगा। गिरिंका नाम की इस योजना के तहत रवांडा के साढ़े तीन लाख गरीब परिवारों को एक-एक गाय दी जाएगी। इनसे पैदा होने वाली बछिया को लाभार्थी पड़ोसी को देगा। रवांडा के राष्ट्रपति पॉल कगामे उनकी अगवानी करेंगे। मोदी वहां किगाली नरसंहार स्मारक जाएंगे। यहां 1994 में रवांडा के लोगों के साथ कई भारतीयों की भी जान गई थी।

सचिव तिरूमूर्ति ने कहा कि इस यात्रा के दौरान संभवत: भारत रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर करेगा। तिरूमूर्ति ने बताया कि प्रधानमंत्री 25 जुलाई को युगांडा में रहेंगे। यात्रा के दौरान मोदी शिष्टमंडल स्तरीय वार्ता करने के अलावा युगांडा की संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के 10 वें संस्करण में हिस्सा लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here