उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( गुरुवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं श्री मणिरामदास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और उपचार की प्रगति पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने महंत नृत्य गोपाल दास के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनके उत्तम स्वास्थ्य की सभी प्रार्थना कर रहे हैं। महंत नृत्य गोपाल दास इन दिनों मेदांता अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉक्टरों से उपचार संबंधी सभी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं और महंत जी के स्वास्थ्य को लेकर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने उपचार कर रही मेडिकल टीम से बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए भावनात्मक संदेश भी लिखा। उन्होंने कहा कि आज लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में श्री मणिरामदास छावनी के पूज्य महंत एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से पूज्य महंत जी शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होकर पुनः सामान्य दिनचर्या में लौटें। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समय-समय पर महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे हैं।
यह भी पढ़ें:









