लखनऊ में न्यूरो डाइवर्स बच्चों के लिए नई पहल, ऑटिज्म और ADHD की विशेषज्ञ देखभाल अब एक ही छत के नीचे

0
0

विशेष जरूरत वाले बच्चों की देखभाल और उनके समग्र विकास की दिशा में राजधानी लखनऊ को एक नई सुविधा मिली है। गोमतीनगर में ‘माइंड राइज चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर’ का शुभारंभ किया गया है। यह केंद्र ऑटिज्म, एडीएचडी (ADHD), ग्लोबल डेवलपमेंटल डिले, सेरेब्रल पाल्सी और अन्य न्यूरो डेवलपमेंटल डिसऑर्डर्स से प्रभावित बच्चों को विशेषज्ञ उपचार और थेरेपी सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते पहचान और सही उपचार मिलने पर ऐसे बच्चों के विकास में उल्लेखनीय सुधार संभव है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र की स्थापना की गई है, ताकि बच्चों और उनके अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकें।

एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ थेरेपी की सुविधा

केंद्र में प्रशिक्षित और अनुभवी विशेषज्ञों की टीम बच्चों के लिए स्पीच थेरेपी, ऑक्युपेशनल थेरेपी, बिहेवियर थेरेपी तथा स्पेशल एजुकेशन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराएगी। उपचार के साथ बच्चों के मानसिक, शारीरिक, सामाजिक और व्यवहारिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुसार बेहतर जीवन जी सकें।

विदेशी विशेषज्ञों से भी मिलेगा मार्गदर्शन

केंद्र के निदेशक दिव्यांशु कुमार ने बताया कि कई जटिल मामलों में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की राय महत्वपूर्ण होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था ओमनी हेल्थ केयर सर्विसेज (Omni Health Care Services) के सहयोग से ऑनलाइन विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा भी शुरू की गई है। इससे अभिभावकों को विदेश गए बिना अंतरराष्ट्रीय स्तर की सलाह मिल सकेगी।

आधुनिक उपचार तकनीकों पर रहेगा फोकस

केंद्र की प्रबंध निदेशक डॉ. प्रीति कुरील ने बताया कि समय-समय पर लेजर थेरेपी, हाइड्रो थेरेपी, हिप्पो थेरेपी और एप्लाइड बिहेवियर एनालिसिस (ABA) जैसी आधुनिक उपचार पद्धतियों पर आधारित विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन तकनीकों के माध्यम से बच्चों के विकास को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जाएगा।

परिवारों के लिए बनेगा भरोसे का केंद्र

विशेषज्ञों के अनुसार न्यूरो डाइवर्स बच्चों के लिए केवल चिकित्सा ही नहीं, बल्कि निरंतर प्रशिक्षण, सही मार्गदर्शन और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में यह केंद्र लखनऊ और आसपास के जिलों के परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता केंद्र साबित हो सकता है, जहां आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ देखभाल और समर्पित सेवाओं का समन्वय उपलब्ध होगा।