ठंड का सितम ऐसा कि अब ये किसी भारी प्राकृतिक आपदा से कम नहीं। जी हां, दिल्ली- एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है।  पारा 10 डिग्री तक गिरने के कारण लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं गुरुवार को तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया और अगले कुछ दिनों तक स्थिति के ऐसे ही रहने की संभावना है। जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र के करगिल में तापमान शून्य से 20 डिग्री नीचे चले जाने पर यह उत्तर भारत का सबसे सर्द स्थानों में रहा। ठंड के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर हो रहा है। नोएडा में तो स्कूलों की छुट्टियां 10 दिन और बढ़ा दी गई हैं।

वहीं शुक्रवार की सुबह 5.30  बजे 8.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पालम एयरपोर्ट पर 8.8  डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मौसम विभाग ने शनिवार सुबह भी घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकारी ने बताया, ‘कल अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 डिग्री सेल्सियस और छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

शुक्रवार को कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 62 ट्रेनें लेट, 20 ट्रेनों का समय बदला गया और 18 ट्रेनों को कैंसिल किया जा चुका है। वहीं इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 17 फ्लाइट्स लेट हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिन देश के कुछ हिस्सों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार हैं। यानी दिल्ली को कंपकंपाने वाली सर्दी अभी बदस्तूर जारी रहने वाली है। अमेरिका में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बर्फबारी से अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here