ममता बनर्जी के रास्ते पर हेमंत सोरेन? निशिकांत दुबे के आरोपों से झारखंड की सियासत गरमाई

0
0
ममता बनर्जी के रास्ते पर हेमंत सोरेन? निशिकांत दुबे के आरोपों से झारखंड की सियासत गरमाई
ममता बनर्जी के रास्ते पर हेमंत सोरेन? निशिकांत दुबे के आरोपों से झारखंड की सियासत गरमाई

झारखंड की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब बीजेपी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तर्ज पर झारखंड में भी रांची स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय को पुलिस के जरिए घेर लिया गया है।

निशिकांत दुबे ने एक्स पर लिखे अपने पोस्ट में कहा कि रांची के ईडी कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुलिस-प्रशासन से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार मामलों से जुड़े अहम दस्तावेज और सबूत मौजूद हैं। उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस कार्रवाई की आड़ में इन महत्वपूर्ण साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है और ईमानदार अधिकारियों को परेशान करने या गिरफ्तार करने की कोशिश हो सकती है।

‘झारखंड को पश्चिम बंगाल नहीं बनने देंगे’

बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी झारखंड में ईडी के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि झामुमो और कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा ईडी कार्यालय पर हमला करने की कोशिशें भी हुई हैं। उनके अनुसार, ऐसी घटनाएं केंद्रीय जांच एजेंसियों के स्वतंत्र और निष्पक्ष कामकाज में बाधा डालने का प्रयास हैं।

निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि झारखंड को पश्चिम बंगाल की तरह नहीं बनने दिया जाएगा और भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने राज्य में कथित अवैध प्रशासन को खत्म करने की बात भी कही।

इसके साथ ही बीजेपी सांसद ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO India) और गृह मंत्रालय (HMO India) से मांग की कि रांची स्थित ईडी कार्यालय की सुरक्षा के लिए तत्काल केंद्रीय बलों की तैनाती की जाए, ताकि जांच एजेंसी बिना किसी दबाव के निष्पक्ष रूप से अपना काम कर सके।