Delhi Weather News: दिल्ली में कड़ाके की ठंड, 3 साल का रिकॉर्ड टूटा, 2.3 डिग्री तक लुढ़का पारा, घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

0
0
Delhi Weather News
Delhi Weather News

दिल्ली में सर्दी ने इस बार मौसम विभाग के सभी अनुमानों को गलत साबित कर दिया है। गुरुवार सुबह राजधानी में तापमान और नीचे चला गया और ठंड ने पिछले तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। घने कोहरे के बीच न्यूनतम तापमान पालम में 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आया नगर में 2.7 डिग्री और सफदरजंग में 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज ठंडी हवाओं और शीतलहर के कारण लोगों को हड्डियां कंपा देने वाली सर्दी का सामना करना पड़ा।

जहां पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि दिल्ली-एनसीआर में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ेगा और ठंड से कुछ राहत मिलेगी, वहीं हालात इसके उलट नजर आए। गुरुग्राम समेत आसपास के इलाकों में भी जबरदस्त ठंड पड़ी और कई जगहों पर तापमान 1 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता लगभग शून्य रही। इसका सीधा असर रेल और हवाई यातायात पर पड़ा। कोहरे के कारण करीब 36 ट्रेनें देरी से चलीं, वहीं दिल्ली एयरपोर्ट पर भी उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई। भारत मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर भारत में अगले दो दिन तक भीषण ठंड का दौर जारी रहेगा। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में शीतलहर का असर बना रहेगा।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में भी कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड का सिलसिला फिलहाल थमता नहीं दिख रहा है। पालम और सफदरजंग जैसे इलाकों में दृश्यता सबसे कम रिकॉर्ड की गई। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में राजधानी में न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। इस दौरान 19 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।

IMD ने दिल्ली के जिलेवार आंकड़े जारी करते हुए कोहरे को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। विभाग ने आशंका जताई है कि कोहरे की वजह से रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। सुबह करीब 9 बजे तक दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। अक्षरधाम, आईटीओ, महामाया फ्लाईओवर और फिल्म सिटी जैसे इलाकों में कोहरा सबसे ज्यादा देखा गया, जिससे बाइक और कारों की रफ्तार काफी धीमी रही।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि अगले पांच दिनों में इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास रहेगा, लेकिन उसके बाद के कुछ दिनों में यह सामान्य से ऊपर जा सकता है।

आने वाले दिनों का मौसम

दिल्ली में 16 जनवरी को भी शीतलहर का असर बना रहेगा और कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का घना कोहरा देखने को मिल सकता है। 17 जनवरी से 21 जनवरी के बीच आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 5 से 9 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस तक जाने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम के हालात चिंताजनक बने हुए हैं। राज्य के 35 से अधिक जिले इस समय शीतलहर की चपेट में हैं और ठंड का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है।