मुंबई के कला परिदृश्य में एक बार फिर रचनात्मकता की चमक देखने को मिली, जब ऐतिहासिक जहांगीर आर्ट गैलरी में द फोटोग्राफिक सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित मेंबर्स एनुअल एक्सहिबिशन (Members’ Annual Exhibition) का शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में जानी-मानी फोटोग्राफर झुमा दत्ता की चुनिंदा तस्वीरों ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। उनकी फोटोग्राफी सिर्फ दृश्य सौंदर्य तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन, प्रकृति और मानवीय भावनाओं को गहराई से व्यक्त करती है।

झुमा दत्ता की तस्वीरों में अंतरराष्ट्रीय स्थलों की विविधता साफ झलकती है। उनकी चर्चित फोटोग्राफी सीरीज़ “Found My Paradise – Norway”, “Head in the Clouds – Ladakh”, “The Bliss of Solitude – Iceland” और “Nature’s Colour Palette – Kazakhstan” प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से दर्शक न केवल प्राकृतिक दृश्यों की भव्यता देखते हैं, बल्कि एकांत, शांति और आत्ममंथन का अनुभव भी महसूस करते हैं।

उद्घाटन समारोह में कला जगत से जुड़े कई प्रमुख व्यक्तित्व, फोटोग्राफी प्रेमी और शहर के नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर झुमा दत्ता ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि जहांगीर आर्ट गैलरी जैसे प्रतिष्ठित मंच पर अपनी कृतियों का प्रदर्शन करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कला प्रेमियों से प्रदर्शनी देखने की अपील भी की।
यह प्रदर्शनी 28 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक दर्शक यहां आकर इस विज़ुअल यात्रा का आनंद ले सकते हैं। आयोजनकर्ताओं का मानना है कि यह प्रदर्शनी कला और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगी।









