IND vs NZ 4th T20I: बेंच स्ट्रेंथ आजमाएगी टीम इंडिया ! जानें किस-किस को मिल सकता है प्लेइंग 11 में मौका

0
0

IND vs NZ 4th T20I Playing 11: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज में टीम इंडिया 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। ऐसे में चौथा मुकाबला, जो कि बुधवार (28 जनवरी) को एसीए-वीडीसीए विशाखापट्टनम क्रिकेट स्टेडियम होना है, महज औपचारिकता भर नहीं, बल्कि टीम संयोजन को परखने का अहम मौका बन गया है। टीम मैनेजमेंट अब उन खिलाड़ियों को मौका देने के मूड में दिख रहा है जो अब तक बेंच पर बैठे रहे हैं।

संजू – आउट या इन?

ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर इस वक्त सबसे बड़ी बहस संजू सैमसन के इर्द-गिर्द घूम रही है। सीरीज के शुरुआती तीन मैचों में उनका बल्ला शांत रहा और वे कुल मिलाकर सिर्फ 16 रन ही जोड़ सके। आंकड़े उनके पक्ष में नहीं हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट का नजरिया सिर्फ स्कोरकार्ड तक सीमित नहीं दिख रहा। अभ्यास सत्रों में सैमसन को अतिरिक्त समय तक बल्लेबाजी करते देखा गया, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि टीम उन्हें तुरंत बाहर बैठाने के मूड में नहीं है। बड़े मंच पर भरोसा बनाए रखना भी टीम रणनीति का हिस्सा होता है। दूसरी तरफ ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की है। मध्यक्रम में उनकी तेज स्ट्राइक रेट बल्लेबाजी टीम को अलग धार देती है। हालांकि लगातार मैच खेलने के बाद उन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम देने पर भी विचार हो सकता है, खासकर वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए।

अय्यर की वापसी होगी?

अगर ईशान को आराम दिया जाता है, तो मिडिल ऑर्डर में बदलाव लगभग तय माना जा सकता है। ऐसे में श्रेयस अय्यर मजबूत विकल्प के तौर पर उभरते हैं। पिछले दो दिनों से नेट्स में उनकी गहन तैयारी चर्चा में रही है, जो संकेत देती है कि वे प्लेइंग इलेवन में वापसी की दौड़ में हैं। हालांकि वे मूल वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थे और चोटिल खिलाड़ी के कवर के तौर पर टीम से जुड़े हैं, फिर भी टीम मैनेजमेंट उन्हें मैच प्रैक्टिस देना चाह सकता है। ईशान के पास नंबर 3 की जिम्मेदारी संभालने का अनुभव है, लेकिन टीम में पहले से संजू सैमसन जैसा विकेटकीपर मौजूद होने से संतुलन के लिए बदलाव संभव है। कुल मिलाकर चौथे टी20 में चयन समीकरण प्रदर्शन, फिटनेस और रणनीति—तीनों के बीच संतुलन का खेल होगा।

हार्दिक को रेस्ट !

वहीं चोट से उबर चुके उपकप्तान अक्षर पटेल भी पूरी तरह फिट नजर आए हैं। उन्होंने अभ्यास में गेंद और बल्ले दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया। ऐसे में अक्षर की वापसी लगभग तय मानी जा रही है, जिससे टीम संतुलन और मजबूत होगा। जबकि टीम के धाकड़ ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को लगतार 3 मुकाबले खेलने के बाद रेस्ट दिए जाने की संभावना नजर आ रही है. जबकि शिवम दुबे की इस मैच में ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा जा सकता है, ताकि उन्हें और अधिक गेंद खेलने का मौका मिले और वर्ल्ड कप के लिए उनके बल्ले की धार और तेज हो जाए।

गेंदबाजी विभाग में स्पिन संयोजन सबसे बड़ी चर्चा का विषय है। कुलदीप यादव इस सीरीज में लय हासिल नहीं कर पाए हैं और उनकी इकॉनमी भी अपेक्षा से अधिक रही है। इसके विपरीत रवि बिश्नोई ने पिछले मैच में कसी हुई गेंदबाजी कर प्रभावित किया। वरुण चक्रवर्ती को पिछले मुकाबले में आराम दिए जाने के बाद अब उनकी वापसी की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में स्पिन लाइन-अप में फेरबदल लगभग तय लग रहा है। जबकि तेज गेंदबाजों में हर्षित राणा को रेस्ट देकर अर्शदीप सिंह को फिर एक बार प्लेइंग 11 में वापसी करवाई जा सकती है. बुमराह इस मैच में भी गेंदबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं।

कुल मिलाकर, चौथा टी20 युवा खिलाड़ियों और बेंच स्ट्रेंथ के लिए अवसर साबित हो सकता है। यह मुकाबला टीम इंडिया को वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपने विकल्पों की गहराई परखने का बेहतरीन मंच देगा।

टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग XI:- सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर बल्लेबाज), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, रवि विश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.