भारतीय क्रिकेट टीम के अबतक के सबसे बेहतर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही कप्तानी करनी छोड़ दी हो पर उनके फैन्स उन्हें एक बार फिर से कूल कप्तानी करते देख सकेंगे। धोनी अब अपने राज्य झारखंड क्रिकेट टीम की कप्तानी करते हुए नज़र आएंगे। 25 फरवरी से शुरू होने वाले विजय हजारे ट्रॉफी के लिए झारखंड क्रिकेट संघ ने धोनी को अपनी टीम की कमान सौंपी है।

विजय हजारे ट्रॉफी के लिए धोनी अपने साथी खिलाड़ियों के साथ ट्रेन से कोलकाता गए। धोनी की ट्रेन के हावड़ा रवाना होने से कुछ देर पहले उनके एक दोस्त ने अंतराष्ट्रीय क्रिकेट से कप्तानी छोड़ने पर दु:ख जताया तो धोनी ने कहा कि “जिंदगी तीन घंटे की फिल्म नहीं है, अभी भी बहुत कुछ बताना है”। उन्होंने यह भी बता दिया कि अभी उनका करियर खत्म नहीं हुआ है, दुनिया अभी धोनी की और भी कामयाबी देखेगी। धोनी के ये शब्द उनके कूल अंदाज का बखान कर रहे थे जो एक सकारात्मक व्यक्तित्व की पहचान है।

पिछले कुछ सीज़न से धोनी झारखंड की कप्तानी नहीं कर रहे थे बल्कि टीम के साथ मेंटर की भूमिका में होते थे। झारखंड क्रिकेट संघ ने उन्हें एक बार फिर से जिम्मेदारी सौंप दी है। झारखंड ने टूर्नामेंट के लिए मजबूत टीम का चयन किया है, जिसमें धोनी के साथ वरुण आरोन, ईशान किशन, शाहबाज नदीम, विराट सिंह, सौरभ तिवारी और इशांक जग्गी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। झारखंड का पहला मैच कोलकाता में 25 फरवरी को कर्नाटका के साथ होगा।

भारत और विश्व के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने 2017 में इंग्लैंड वनडे सीरीज़ शुरू होने से पहले अंतराष्ट्रीय वनडे और टी-20 क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। इससे पहले साल 2015 के अंत में धोनी टेस्ट टीम की कप्तानी भी छोड़ चुके थे। जिसके बाद विराट कोहली ने तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी संभाली। अब धोनी टीम में एक सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेलते हैं। आपको बता दें कि दो दिन पहले ही IPL की टीम राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स ने धोनी से कप्तानी छीन कर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्टीव स्मिथ को सौंपी दी है। पूणे टीम के इस फैसले पर क्रिकेट के कुछ दिग्गजों ने हैरानी जताई और आलोचना भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here