Election Results 2026 LIVE: देश के पांच राज्यों— पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम, असम और और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी (West Bengal, Tamil Nadu, Kerala, Assam, Puducherry)—में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक परिदृश्य को रोमांचक बना दिया है, जहां कुछ राज्यों में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं तो कुछ में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
सबसे ज्यादा नजरें पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु पर टिकी हुई हैं, जहां शुरुआती रुझानों ने बड़े राजनीतिक बदलाव के संकेत दिए हैं।
बंगाल, असम और पुदुचेरी में चुनाव जीतने के बाद क्या बोले प्रधानमंत्री
असम और बंगाल में प्रचंड बहुमत और पुदुचेरी में NDA गठबंधन की जीत के बाद प्रधानमंत्री ने दिल्ली में आयोजित सभा में कहा, “आज 4 मई की यह शाम भले ही ढल रही हो, लेकिन बंगाल की पावन धरती पर एक नए युग की सुबह हुई है—एक ऐसा सवेरा जिसका इंतज़ार पीढ़ियों से किया जा रहा था। भाजपा की जीत सिर्फ सीटों का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनता के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। यह जनादेश डर, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति के खिलाफ एक स्पष्ट संदेश है और विकास, सुशासन व विश्वास की नई दिशा की शुरुआत है।”
Election Results 2026 LIVE: 5 में से 3 राज्यों में बीजेपी सरकार
Election Results 2026 में पांच राज्यों में अलग-अलग राजनीतिक तस्वीर उभरकर सामने आई है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 204 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि TMC 83 सीटों पर सिमट गई है। यह राज्य में बड़े सत्ता परिवर्तन का संकेत है।
असम में भी भाजपा गठबंधन ने 126 में से 102 सीटों पर बढ़त के साथ प्रचंड जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस 19 सीटों तक सीमित नजर आ रही है। इससे राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है।
तमिलनाडु में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां TVK ने 108 सीटों के साथ नंबर एक पार्टी बनकर उभरते हुए पारंपरिक DMK (76) और AIADMK (50) को पीछे छोड़ दिया है।
केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाला UDF गठबंधन 102 सीटों के साथ मजबूत स्थिति में है, जबकि वाम गठबंधन 35 सीटों तक सिमट गया है, जो सत्ता परिवर्तन की ओर इशारा करता है।
वहीं, पुडुचेरी में NDA ने बढ़त बनाए रखते हुए 17 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस 6 सीटों पर है। कुल मिलाकर, इन नतीजों ने देश की राजनीति में बड़े बदलाव और नए समीकरणों के संकेत दे दिए हैं।
बता दें कि ये आंकड़े शाम करीब साढ़े सात बजे तक के हैं। अभी कुछ सीटों पर एक-दो राउंड की मतगणना बाकी है, इसलिए अंतिम नतीजे देर रात तक पूरी तरह साफ होने की संभावना है।
Election Results 2026 LIVE: दोपहर 2 बजे तक रुझान
देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी—में जारी मतगणना अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। दोपहर 2 बजे तक के रुझानों में कई राज्यों में तस्वीर लगभग साफ होने लगी है।
पश्चिम बंगाल: BJP बहुमत की ओर
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने मजबूत बढ़त बना ली है। ताज़ा रुझानों के अनुसार बीजेपी करीब 190+ सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस लगभग 90 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। यह संकेत दे रहा है कि राज्य में लंबे अरसे बाद सत्ता परिवर्तन संभव है।
असम: NDA की वापसी तय
असम में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रहा है।
- BJP: 79 सीटों पर बढ़त
- कांग्रेस(INC): 25 सीटों पर आगे
126 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत होती है, जिसे NDA पार करता दिख रहा है।
तमिलनाडु: TVK का बड़ा सरप्राइज
तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने बड़ा उलटफेर किया है।
- TVK: 110 सीटों पर आगे
- AIADMK: 59 सीटें
- DMK: 48 सीटें
यहां मुकाबला पूरी तरह बदल चुका है और TVK पहली बार सत्ता के करीब पहुंचती दिख रही है।
केरल: कांग्रेस गठबंधन आगे
केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF बढ़त बनाए हुए है।
- कांग्रेस: 54 सीटें
- CPI(M): 26 सीटें
यहां लेफ्ट (LDF) और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर में फिलहाल UDF आगे नजर आ रहा है।
पुडुचेरी: कांटे की टक्कर
पुडुचेरी में मुकाबला फिलहाल एकतरफा नजर आ रहा है। ताज़ा रुझानों के अनुसार बीजेपी गठबंधन (BJP+) करीब 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस गठबंधन (INC+) सिर्फ 6 सीटों तक सीमित दिख रहा है।
AINRC 9 सीटें जीतकर अब तक सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। वहीं बीजेपी 2 सीटों पर आगे चल रही है और 1 सीट पर जीत दर्ज कर चुकी है। कांग्रेस को अब तक सिर्फ 1 सीट पर जीत मिली है, जबकि अन्य दल 1-2 सीटों पर मुकाबले में बने हुए हैं।
यहां अंतिम नतीजों के लिए अभी इंतजार करना होगा।
Election Results 2026 LIVE: 3 राज्यों में एनडीए को भारी बढ़त
सुबह साढ़े 10 बजे तक के रुझानों में 5 में से 3 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में एनडीए को स्पष्ट बढ़त मिलती नजर आ रही है। वहीं तमिलनाडु में टीवीके (TVK) आगे चल रही है, जबकि केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाला यूडीएफ बढ़त बनाए हुए है।
Election Results 2026 LIVE: असम में रुझानों में BJP को बहुमत
सुबह 10 बजे तक चुनाव आयोग के ताज़ा रुझानों के अनुसार, भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए (NDA) असम में बहुमत के आंकड़े को पार करता दिखाई दे रहा है। गठबंधन 64 से अधिक सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि 126 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 64 सीटों की जरूरत होती है।
Election Results 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल में BJP को शुरुआती बढ़त, TMC पीछे
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से 293 सीटों पर मतगणना जारी है। यहां दो चरणों में मतदान हुआ था और इस बार करीब 92 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
शुरुआती रुझानों में भाजपा (Bharatiya Janata Party) ने बढ़त बना ली है और करीब 145 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं All India Trinamool Congress (TMC) लगभग 120 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। जबकि कांग्रेस और लेफ्ट 1-1 सीट पर आगे हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) इस बार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों में मुकाबला बीजेपी के पक्ष में जाता दिखाई दे रहा है। खास नजर भवानीपुर सीट पर है, जहां ममता बनर्जी और बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के बीच सीधी टक्कर है।
Election Results 2026 LIVE: दो राउंड मतगणना के बाद दीदी को झटका !
बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को झटके पर झटके मिल रहे हैं, पहले बीजेपी को शुरूआती रुझानों में बहुमत की दहलीज पर आना और दूसरे राउंड की काउंटिंग के बाद ममता बनर्जी का अपनी सीट से पिछड़ना – भाजपा कैंडिडेट सुवेंदु अधिकारी भवानीपुर असेंबली सीट से 1558 वोटों से आगे चल रहे हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC कैंडिडेट ममता बनर्जी दूसरे नंबर पर हैं।
Election Results 2026 LIVE: तमिलनाडु में TVK ने मचाया सियासी भूचाल
तमिलनाडु की 234 सीटों पर हुए चुनाव में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। सुबह साढ़े 9 बजे तक के शुरुआती रुझानों के अनुसार अभिनेता से पॉलिटिकल लीडर बने विजय (Joseph Vijay Chandrasekhar) की पार्टी टीवीके (Tamilaga Vettri Kazhagam) 74 सीटों पर आगे चल रही है।
वहीं सत्ताधारी DMK (Dravida Munnetra Kazhagam) करीब 51 सीटों पर और AIADMK (All India Anna Dravida Munnetra Kazhagam) 44 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है, जिसने चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं।
असम: BJP की हैट्रिक की ओर बढ़त
असम की 126 सीटों पर हुए चुनाव में भी शुरुआती रुझानों में बीजेपी गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है। मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma के नेतृत्व में पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है।
वहीं कांग्रेस Gaurav Gogoi के नेतृत्व में चुनौती पेश कर रही है, लेकिन फिलहाल बीजेपी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
केरल: LDF बनाम UDF की सीधी टक्कर
केरल की 140 सीटों पर मुकाबला एक बार फिर वाम मोर्चा (LDF) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF के बीच सिमटा हुआ है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन (Pinarayi Vijayan) तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। जबकि सुपरपस्टार विजय की पार्टी टीवीके की एंट्री से मुकाबला दिसलचस्प हो गया है।
हालांकि शुरुआती रुझानों में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है और अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।
पुडुचेरी: छोटे राज्य में बड़ा मुकाबला
पुडुचेरी की 30 सीटों पर भी वोटों की गिनती जारी है। यहां 89.97 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। शुरुआती रुझानों में NDA को बहुमत मिल चुका है लेकिन विपक्ष (Congress+) से कड़ा मुकाबला मिलने की उम्मीद है।
मतदान प्रतिशत ने बढ़ाया रोमांच
इन चुनावों में रिकॉर्ड मतदान ने मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है।
- पश्चिम बंगाल: लगभग 92%
- तमिलनाडु: 85%+
- असम: 85%+
- केरल: 78%+
- पुडुचेरी: करीब 90%
उच्च मतदान को बदलाव की इच्छा और लोकतंत्र में बढ़ते विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
2026 के विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझान यह संकेत दे रहे हैं कि देश की राजनीति में नए समीकरण उभर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के संकेत, तमिलनाडु में नए खिलाड़ी का उदय और अन्य राज्यों में कड़ी टक्कर इस चुनाव को बेहद अहम बना रहे हैं।
हालांकि अंतिम नतीजों के लिए इंतजार करना होगा, लेकिन फिलहाल यह साफ है कि 2026 के चुनाव भारतीय राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।









