दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग: AC ब्लास्ट से 4 मंजिला इमारत में हादसा, 9 की मौत

0
0

दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार में रविवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। चार मंजिला रिहायशी इमारत में लगी आग में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के घायल होने और कुछ के अभी भी फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 3:13 बजे एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट के बाद लगी और देखते ही देखते दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद करीब 3:35 बजे फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

दमकल विभाग ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बिल्डिंग में फंसे 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई लोगों को बालकनी और खिड़कियों के रास्ते बाहर लाया गया। हादसे में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर कुल 12 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस, ट्रैफिक विभाग और डीडीएमए की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।

पुलिस के मुताबिक, यह इमारत एक घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है, जहां करीब 8 परिवार रहते थे। आग लगने के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे, जिससे जानमाल का नुकसान अधिक हुआ।

विवेक विहार थाने में सुबह करीब 3:48 बजे घटना की सूचना दर्ज की गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन सर्च ऑपरेशन काफी देर तक जारी रहा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एसी ब्लास्ट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।