उत्तर भारत के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। गुरुवार को राजधानी में कड़ाके की सर्दी ने पिछले 16 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली के पालम इलाके में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो साल 2010 के बाद अब तक का सबसे कम तापमान रहा। यह इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह मानी जा रही है।
इससे पहले पालम में दूसरा सबसे कम तापमान 7 जनवरी 2013 को दर्ज किया गया था, जब पारा 2.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था।
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में तापमान का हाल
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में जनवरी 2023 के बाद सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि 16 जनवरी 2023 को यहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
पालम के अलावा लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री, आया नगर में 2.7 डिग्री और रिज क्षेत्र में 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
चार दिनों से शीतलहर की गिरफ्त में दिल्ली
दिल्ली के सभी मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे साफ है कि पूरी राजधानी में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। बीते चार दिनों से ठंड का असर लगातार बना हुआ है और मौसम विभाग का अनुमान है कि यह स्थिति अगले दिन भी जारी रह सकती है।
आज अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 349 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
IMD रिपोर्ट: तापमान सामान्य से नीचे, बारिश नहीं
16 जनवरी 2026 की सुबह भी दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर बरकरार रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग की सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम तापमान कई केंद्रों पर सामान्य से कम रहा, जबकि रात से सुबह तक कहीं भी बारिश नहीं हुई।
दिन का तापमान भी गिरा, पालम फिर सबसे ठंडा
पालम में अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री नीचे रहा।
लोधी रोड और रिज में अधिकतम तापमान क्रमशः 19.4 और 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आया नगर में भी पारा 19.4 डिग्री रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी में दिन के समय भी तापमान सामान्य से कम बना हुआ है और कई इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। न्यूनतम तापमान के आंकड़े यह संकेत देते हैं कि खासतौर पर दक्षिणी और पश्चिमी दिल्ली में कोल्ड वेव जैसी स्थिति बनी हुई है।









