हिमाचल चुनाव में अब नेताओं का काम खत्म और जनता का काम शुरू हो गया है। लेकिन गुजरात में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गुजरात में चुनाव अगले महीने है। इसलिए अमित शाह की फौज अपना डेरा गुजरात में जमाकर बैठ गई है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात में अहमदाबाद के नारणपुरा से ‘गुजरात गौरव महासंपर्क अभियान‘ की शुरुआत कर दी है। इस अभियान में अमित शाह समेत भारत के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता डोर-टू-डोर जाकर जनता से मिलेंगे। इस अभियान में हिस्सा लेने के लिए दस केंद्रीय मंत्री भी आज से उतर रहे हैं। गुजरात भाजपा के प्रवक्ता आईके जडेजा ने कहा कि यह अभियान 12 नवम्बर तक जारी रहेगा।
इस अभियान में मुख्यमंत्री विजय रूपानी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और राज्य बीजेपी के प्रमुख जीतू वाघानी सहित राज्य के कई नेता हिस्सा लेंगे तथा अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के साथ ही विभिन्न समुदाय के नेताओं से संपर्क करेंगे। साथ ही इस अभियान में केंद्रीय मंत्री भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इनमें केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, प्रकाश जावड़ेकर, वीके सिंह जैसे नेता होंगे।
आईके जडेजा ने बताया कि गुजरात की जनता को केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए गुजरात गौरव महासंपर्क अभियान शुरू किया गया है। अभियान में राज्य के 50 हजार बूथों को कवर किया जाएगा, जहां आने वाले चुनावों में वोटिंग होगी। बीजेपी इस महासंपर्क अभियान के तहत पार्टी लोगों के बीच प्रचार सामग्री और छोटी पुस्तिकाएं बांटेगी, जिसमें वोटरों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश होगा। बता दें कि गुजरात में दो चरणों में चुनाव 9 दिसम्बर और 14 दिसम्बर को होंगे और मतों की गिनती 18 दिसम्बर को होगी।