कुछ भी बताने के पहले इस वीडियो और उसकी तस्वीरों को देखिए। दो अलग-अलग वीडियो में नैतिकता के ठेकेदारों ने दो बेटियों के साथ अनैतिकता का खेल खेला। वीडियो गया से सामने आया है। वीडियो में मौजूद लोगों द्वारा की गई वारदात उनकी मानसिकता का सबूत है। पहले वीडियो में गया के वजीरगंज थाना के तरवां बाजार में एक अधेड़ सहित कई युवकों ने अपने  दोस्त के साथ घूमने गई लड़की के साथ जमकर छेड़छाड़ की। पीला सूट पहने लड़की के दुपट्टे खींचे और जमकर छींटाकशी की। फिर उसके साथ आए युवक को जमकर पीटा। वीडियो में देखा जा सकता है कि सफेद शर्ट पहने युवक को अन्य लड़कों के साथ मौजूद एक अधेड़ ने दौड़ा दौड़ाकर पीटा। फिर युवक को जमीन पर गिराकर लातों से मारा। इस दौरान दूसरे लड़के उस लड़की को पकड़कर खेतों की तरफ ले जाते दिखे।

वहीं दूसरे वीडियो में साफ-साफ दिख रहा है कि एक ब्लू सूट पहने लड़की और उसके साथ मौजूद युवक को कुछ लोग पकड़कर पीट रहे हैं। लड़की के साथ छेड़खानी की गई, उसके कपड़ों को फाड़ने की कोशिश भी की गई। इस दौरान लड़की भागने की नाकाम कोशिशें करती दिखी। वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ये वीडियो 17 और 18 मई का है। वजीरगंज पुलिस के मुताबिक, वीडियो में लड़कियों के साथ मारपीट और छेड़छाड़ करने वाले संदिग्धों की पहचान कर छह को नामजद किया गया है। जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गया एसपी राजीव मिश्रा के मुताबिक, पीड़िता फतेहपुर थाना क्षेत्र की निवासी है। इस मामले में तरवां निवासी विजय यादव और सुरेश चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि वीडियो बनाने वाला तरवां निवासी रीतिक कुमार, मारपीट एवं छेड़छाड़ में शामिल संजित राजवंशी, छोटे राजवंशी, नरेश चौधरी एवं अन्य फरार हैं।

गया में दो दिनों में दो लड़कियों के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा, कि सरकार ने इस घटना को संज्ञान में ले लिया है। घटना की तेजी से सुनवाई होगी। लोग आरोपियों को पकड़वाने में मदद करें।

ये राहत देने वाला है कि, गया की वजीरगंज पुलिस ने लड़कियों के साथ छेड़छाड़ एवं मारपीट के मामले को गंभीरता से लिया। इससे पीड़ित बेटियों को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है। लेकिन, सवाल तो यही है कि, दुर्गा और लक्ष्मी के देश में ही बेटियों पर इंसानी गिद्धों की भूखी नजरें हैं।

—कुमार मयंक एपीएन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here