केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली लंबी बीमारी के चलते तीन महीने बाद आज राज्यसभा आए। राज्यसभा के उपसभापति चुनाव के लिए जेटली वोटिंग के लिए पहुंचे। जेटली ने हरिवंश नारायण सिंह के उपसभापति चुनाव जीतने पर बधाई दी। अरुण जेटली इसी महीने वित्त मंत्रालय पहुंचकर अपना कामकाज संभाल सकते हैं।  बताया जा रहा है कि इस महीने के तीसरे सप्ताह से ही मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालेंगे। जेटली का किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था। तब से वो डाक्टरों की सलाह पर आराम कर रहे हैं। जेटली के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और वो जल्द ही वित्त मंत्रालय का कामकाज संभालेंगे। फिलहाल उनके स्थान पर रेल और कोयला मंत्री पीयूष गोयल वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाले हुए हैं।

अरुण जेटली सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने घर पर रहते हुये ही आर्थिक और गैर-आर्थिक मुद्दों पर ब्लॉग लिखे हैं। असम में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर का मुद्दा हो या फिर आपातकाल के बाद चार दशक, संसद में अविश्वास प्रस्ताव, राफेल लड़ाकू विमान और जीएसटी जैसे तमाम मुद्दों पर सोशल मीडिया साइट पर वह अपने विचार रखते रहे हैं। इस दौरान कुछ कार्यक्रमों में उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये भागीदारी की। बैंकिंग कॉन्क्लेव और गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स की पहली सालगिरह जैसे आयोजनों में उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये भाग लिया।

जेटली का 14 मई को किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था। तब रेल और कोयला मंत्री पीयूष गोयल को उनके स्थान पर वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। मई 2014 में मोदी सरकार के सत्ता संभालने के बाद से ही जेटली वित्त मंत्री का पद संभाले हुये हैं। वो राज्यसभा के नेता भी हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट, एपीएन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here