उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुये कहा कि नभ, थल और जल में कांग्रेस ने घोटाला किया। सीएम योगी ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश के लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं देने के साथ ही कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की घोटालों की सरकार रही है। जल, थल, आकाश सभी जगह घोटाले किए गये। कांग्रेस को अपने कृत्यों के लिये देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में वर्ष 2004 से 2014 के दौरान देश में घोटाले ही घोटाले हुये है। कांग्रेस ने देश की सुरक्षा के साथ घोटाला किया है। अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल ने ईडी की पूछताछ में कांग्रेस को घूस देना स्वीकार किया है। कांग्रेस ने मिशेल के लिये वकील भेजे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा ‘चोर इतना शोर क्यों मचा रहा है, यही कहानी है। चोर मचाए शोर।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान देश को लूटने का काम हुआ। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआइपी हेलीकॉप्टर डील मामले में गिरफ्तार बिचौलिए क्रिश्चियन जेम्स मिशेल की पेशी हुई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हेलिकॉप्टर डील में बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल से पूछताछ की थी जिसमें कांग्रेस का नाम आया था।

Augusta Westland

योगी ने कहा कि कांग्रेस ने इस मामले में 150 करोड़ रुपये की रिश्वत खाई है। अब सोनिया गांधी का नाम मामले में आने से कांग्रेस घबरा गई है। उन्होने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश में राज किया है। इस दौरान कांग्रेस ने घोटालों का भी लंबा रिकार्ड बनाया है। अब जब इनके घोटालों के मामले सामने आ रहे हैं। यह लोग अब सीनाजोरी पर उतर रहे हैं। कांग्रेस ने किसी भी स्थान पर घोटाला करने में कोई कंजूसी नहीं की है। जल, थल, नभ और हर क्षेत्र में कांग्रेस ने घोटाले किये और उसकी परतें खुली हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने रक्षा सौदों में रिश्वतखोरी से खुद को अलग रखा होता तो देश इस मामलों में बेहद मजबूत स्थिति में होता। अब तो ईडी और मिशेल के बयान से सच्चाई सामने आ गई है। कांग्रेस इस मामले में लीपापोती करना चाहती है। कांग्रेस चोरी भी करती है और सीनाजोरी भी करती है।

उन्होने कहा कि 360 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ उसमें से 150 करोड़ रूपये कांग्रेस नेताओं की जेब में गया है। अब तो ऑगस्टा वेस्ट लैंड घोटाले में मिशेल की गिरफ्तारी से कांग्रेस घबराई है। इटली की कोर्ट में कांग्रेस नेताओं और मिसेज गांधी के रिश्वतखोरी की बात माना गया है। अब तो इस मामले में कुछ बचा नहीं है। तत्कालीन रक्षा मंत्री ए के एंटनी की अगुवाई में अगस्ता वेस्ट लैंड को आगे बढ़ाया गया था। अगस्ता वेस्ट लैंड घोटाले की कडियां खुलने लगी हैं। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का चरित्र है कि देश की सुरक्षा के साथ वो खिलवाड़ करती रहती है।

योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारें देश के विकास के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर हिंसा के किसी भी दोषी को हम छोड़ेंगे नहीं। प्रदेश के हर नागरिक को हम विकास से जोड़ना चाहते हैं। हमारी योजना प्रदेश के हर कोने को विकसित करने की है। उन्होने प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनायें दीं।

-साभार, ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here