बिहार के रोहतास में जदयू नेता और पूर्व विधायक द्वारा गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोलीबारी का कारण जमीन विवाद को बताया जा रहा है। पूर्व विधायक द्वारा की गई इस गोलीबारी में एक नाबालिग बच्ची की मौत हो गई है और चार अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतका का नाम हाजरा खातून बताया जा रहा है। यह घटना रविवार की है। घटना के बाद विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गोलीबारी के आरोप में गिरफ्तार हुए पूर्व विधायक का नाम सूर्यदेव सिंह है। वह दो बार विधायक रह चुके हैं। वह 1990 में कम्युनिस्ट पार्टी और फिर 1995 में राजद के टिकट पर बिक्रमगंज से विधायक रहे। इस वक्त वह जनता जल युनाइटेड (जदयू) में हैं। यह घटना रोहतास जिले के विक्रमगंज इलाके की है। आरोपी पूर्व विधायक यहीं से विधायक भी रहे हैं। खबरों के मुताबिक, पूर्व विधायक सूर्यदेव सिंह का लंबे समय से अपने ही रिश्तेदारों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच बहस और झगड़ा हो चुका था। कल एक बार फिर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया जिसके बाद गुस्से में आये पूर्व विधायक ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी।

इस फायरिंग में घायल चार लोगों का नजदीक के अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी विधायक सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस की जांच जारी है। कहा यह भी जा रहा है कि जांच करने पहुंची पुलिस पर भी सूर्यदेव सिंह ने गोली चलाई थी। बहरहाल घटना के बाद विधायक से पूछताछ जारी है। घटना में उनके द्वारा प्रयुक्त रिवाल्वर भी जब्त कर ली गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here