2017 का खूबसूरत सफर अब अपने चरम पर है। लेकिन इसकी खूबसूरत यादें हमेशा सभी के जहन में रहेंगी। साल को और ज्यादा यादगार बनाने में फिल्में बखूबी हमारा साथ निभाती हैं। ये वो फुर्सत के लम्हें होते हैं, जिन्हें हम अपने परिवार और दोस्तों के साथ बिताते हैं। अब साल का अंत नजदीक है, तो सभी ये भी जानना चाहते होंगे, कि साल 2017 में किस मूवी ने लोगों के दिलों में जगह बनाकर वाह-वाही लूटी और किस फिल्म ने अपनी दमदार स्टोरी के जरिए समाज को नई दिशा में सोचने के लिए मजबूर किया।

तो चलिए आज के इस 2017 के ‘मूवीज स्पेशल पैकेज’ में हम आपको बॉलीवुड की उन मूवीज के बारे में बताते हैं, जिन्होंने पुराने रिकार्ड्स को तोड़कर जमकर कमाई की। लेकिन कुछ फिल्में ऐसी भी थी, जो कमाई के मामलें में थोड़ी पीछे जरूर रही, लेकिन उनकी दमदार स्टोरी ने खूब तारीफें बटोरी।

bahubali 2बाहुबली 2: द कन्क्लूज़न

स्टार कास्ट: प्रभास, राणा डग्गुबती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया, रम्या कृष्णन, सत्यराज, नास्सर, अदिवि शेष, तनिकेल्ल भरनी, रोहिणी, राकेश वररे, नोरा फतेही, चरणदीप, मेका रामकृष्णा

निर्देशक: एस.एस.राजामौली

यह ‘बाहुबली कॉक्लूजन’ फिल्म का दूसरा भाग है। डायरेक्टर ‘एस.एस.राजामौली’ द्वारा निर्देशित फिल्म की तेलगु से हिंदी भाषा में डबिंग की गई है। 28 अप्रैल 2017 को सिनेमाघरों में उतारी गई फिल्म ने पुराने सभी रिकार्डों को तोड़कर कमाई के नए आयाम स्थापित किए। करीब 200 करोड़ के बजट से निर्मित की गई इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने विश्व में 1000 करोड़ से भी ज्यादा कमाई की। ‘कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा’?, इस एक सवाल ने करोड़ो लोगों को इस फिल्म को देखने के लिए मजबूर किया था। जिसके बाद कटप्पा और बाहुबली पर आधारित ये फिल्म दुनिया की पहली ऐसी भारतीय फिल्म बन गई, जिसने 3 दिनों में सभी भाषाओं में 500 करोड़ (₹ 5 बिलियन) से भी अधिक कमाई की।

गोलमाल अगेन:

स्टार कास्ट: अजय देवगन, परिणीती चोपड़ा, तब्बू, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, कुणाल खेमू, प्रकाश राज, नील नितिन मुकेश, जॉनी लीवर, मुकेश तिवारी, मुरली शर्मा, अश्विनी केलकर

निर्देशक-रोहित शेट्टी

रोहित शेट्टी’ द्वारा निर्देशित कॉमेडी फिल्म ‘गोलमाल अगेन’, गोलमाल सीरीज की चौथी फिल्म हैं। जिसे 20 अक्टूबर 2017 को बड़े पर्दे पर रिलीज किया गया था। इस फिल्म को देखने के बाद दर्शक हंस-हंसकर लोट पोट होने को मजबूर हो गए। गोलमाल सीरीज के इस भाग में कॉमेडी में हॉरर का तड़का लगाया गया है। 55 साल के गोपाल(अजय देवगन) की 25 वर्षीय खुशी(परिणीती चोपड़ा) से लव केमिस्ट्री ने सभी को खूब हंसाया। यह फिल्म 200 करोड़ के क्लब में शामिल होने में सफल रही।

toiletटॉयलेट एक प्रेम कथा:

स्टार कास्ट:अक्षय कुमार, भूमि पेडनेकर, सुधीर पांडेय, दिव्येंदु शर्मा

निर्देशक: श्री नारायण सिंह’

अब अगर खिलाड़ी अक्षय कुमार की फिल्म ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ की बात करे, तो फिल्म ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ के जरिए समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का प्रयास किया गया है, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। फिल्म में खुले में शौच करने वालों पर करारा प्रहार किया गया है। ‘श्री नारायण सिंह’ द्वारा बनाई गई यह फिल्म ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी’ के ‘स्‍वच्‍छ भारत अभियान’ से प्रेरित है। अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर की चुलबुली लव स्टोरी दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही। ‘स्वच्छ भारत मिशन’ पर आधारित 40 करोड़ के बजट से बनी इस फिल्म ने भारत में करीब 132 करोड़, जबकि विश्व में 200 करोड़ से भी ज्यादा का कारोबार किया। फिल्म की कहानी हर उस महिला पर आधारित है, जिसे आज भी खुले में शौच करने के लिए मजबूर किया जाता है। ‘करले अब तो टॉयलेट का जुगाड़’ गाने ने सभी को खूब हंसाया। फिल्म में भूमि पेडनेकर के किरदार ने देश के एक बड़े तबके की महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

जुड़वा 2:

स्टार कास्ट: वरुण धवन, जैकलिन फर्नांडीस, तापसी पन्नू, अनुपम खैर, राजपाल यादव, अली असगर, विवान भटेना, सलमान खान (अतिथि)

निर्देशक: डेविड धवन

कॉमेडी फिल्म ‘जुड़वा 2’, सलमान खान की फिल्म ‘जुड़वा’ का दूसरा भाग है। करीब 20 साल बाद बनी फिल्म जुड़वा 2 की कहानी वही पुरानी है, लेकिन फिल्म को एकदम नए फ्लेवर में पेश किया गया है। फिल्म की कहानी तब शुरू होती है, जब एक स्मगलर दोनों जुड़वा बच्चों को पैदा होते ही अलग कर देता हैं। दोनों जुदा होने के करीब 20 साल बाद जब वापस मिलते हैं, तब कहानी में ट्विस्ट आता है और फिल्म का कॉमेडी मोड ऑन हो जाता है। फिल्म को पूरी तरह से पैसा वसूल कहा जा सकता है। वरुण धवन की कॉमेडी ने सभी को खूब हंसाया, साथ ही जैकलिन फर्नांडीस और तापसी पन्नू के ग्लेमर्स अंदाज ने तो पुरानी अभिनेत्रियों को फेल कर दिया। फिल्म के क्लाईमैक्स में सलमान खान की डबल रोल में एंट्री ने दर्शकों के एंटरटेनमेंट को डबल कर दिया।
ये एक हाई बजट फिल्म है, करीब 75 करोड़ के बजट से बनी इस एक्शन-कॉमेडी फिल्म ने दुनियाभर में तकरीबन 232 करोड़ की कमाई की।

हिंदी मीडियम:

स्टार कास्ट: इरफ़ान खान, सबा कमर, दीपक डोबरियाल, स्वाति दास, दीतिता सहगल, डेलाजद हिवाले, जसपाल शर्मा, विजय कुमार डोगरा, देवेश शर्मा, रोहित तनान

निर्देशक: भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, दिनेश विजयन

भारत देश की राष्ट्रीय भाषा हिंदी होते हुए भी हिंदी को इतनी एहमियत नहीं दी जाती है जितनी की अंग्रेजी को मिलती है। हिंदी भाषा के महत्व को समझाने के लिए ही 19 मई को ‘हिंदी मीडियम’ फिल्म को सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया था। ये कहानी ऐसे दो लोगों की है, जिन्होंने अपनी प्राथमिक पढ़ाई हिंदी मीडियम स्कूल से पूरी की, लेकिन समाज में लगातार बढ़ रही इंग्लिश की डिमांड को देखते हुए अपनी बेटी को इंग्लिश मीडियम में पढ़ाने का सपना देखते हैं। फिल्म में राज बत्रा(इरफान खान) हिंदी से बहुत प्यार करते है, लेकिन उनकी पत्नी पाकिस्तानी एक्ट्रेस सबा कमर सिर्फ इंग्लिश को सपोर्ट करती नजर आती है। पूरी फिल्म में दोनों माता-पिता का अपनी बेटी का हिंदी मीडियम से इंग्लिश मीडियम में दाखिला कराने तक का कठिन संघर्ष दिखाया गया है। हालांकि फिल्म के अंत में एक्ट्रेस सबा कमर को इस बात का एहसास हो जाता है, कि एक अच्छा इंसान बनाने में हिंदी मीडियम स्कूल भी पूरी कोशिश करते हैं। 22 करोड़ के बजट से बनी इस फिल्म ने 62 करोड़ कमाकर, समाज के लोगों को एक महत्वपूर्ण संदेश देने की सफल कोशिश की।

जॉली एलएलबी 2:

स्टार कास्ट: अक्षय कुमार, हुमा कुरैशी, अन्न कपूर, सौरभ शुक्ला, कुमु‍द मिश्रा

निर्देशक: सुभाष कपूर

जॉली एलएलबी 2 की कहानी जगदीश्वर उर्फ जॉली की है, कानपुर से जॉली बड़े वकील बनने का सपना लेकर लखनऊ जाता हैं, जहां जॉली को कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। एक लंबे समय तक जब जॉली को कोई काम नहीं मिलता है, तो वह एक प्रेग्नेंट विधवा औरत हिना सिद्दकी, जो कि अपने पति के झूठे एंकाउटर में न्याय चाहती है, उसे न्याय का जूठा भरोसा दिलाकर पैसे ऐंठ लेता हैं। हिना के फिल्म में सुसाइड करने के बाद जॉली उसे हर हाल में न्याय दिलाने की उम्मीद से केस लड़ता है, जिसमें अपनी कड़ी मेहनत से जीत जाता है।

कोर्ट रूम ड्रामा पर आधारित करीब 45 करोड़ से बनी फिल्म दुनिया भर में 116 करोड़ कमाने के बाद सुपरहिट रही। हालांकि अक्षय कुमार की इस फिल्म से और ज्यादा कमाई की उम्मीद की जा रही थी।

Lip-under-burkaलिपस्टिक अंडर माय बुर्खा:

स्टार कास्ट: रत्ना पाठक शाह, प्लाबिता बोरठाकुर, कोंकणा सेन शर्मा , अहाना कुमरा, सुशांत सिंह, विक्रांत मास्सी, शशांक अरोड़ा

डायरेक्टर: अलंकृता श्रीवास्तव

फिल्म की कहानी भोपाल के एक मोहल्ले में रहने वाली ऐसी चार महिलाओं की है, जो अपनी जिंदगी का गुजर बसर करने के लिए कड़ी मेहनत करती हैं। फिल्म की कहानी उपन्यास ‘लिपस्टिक वाले सपने’ पर आधारित है। फिल्म के जरिए समाज में महिलाओं के प्रति हो रहे रूढ़िवादी व्यवहार पर कटाक्ष करने का प्रयास किया गया हैं। फिल्म की कहानी से ये साफ पता चलता है, कि निर्देशक अलंकृता ने महिलाओं के प्रति हो रहे अत्याचारों को बहुत करीब से देखा है, इसलिए फिल्म की कहानी के जरिए लोगों की उस दोगली मानसिकता को बदलने की कोशिश की गई है, जिसमें लोग सोचते हैं-कि महिलाएं काम ना करें, सिर्फ बच्चे ही पालें, पर्दे में रहें। महिलाओं को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का पूरा अधिकार हैं। करीब 7 करोड़ के बजट से बनी ये फिल्म दुनिया भर में करीब 23 करोड़ कमाने में सफल रही।

न्यूटन:

स्टार कास्ट: राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, संजय मिश्रा, अंजलि पाटिल, रघुबीर यादव

निर्देशक: अमित मसूरकर

चलिए अब आपको एक ऐसी फिल्म की कहानी बताते है, जिसमें एक ईमानदार सरकारी अधिकारी के किरदार को दर्शाया गया है। हम बात कर रहे हैं फिल्म न्यूटन की, जिसमें अभिनेता राजुकमार राव, नूतन का किरदार बखूबी निभाते नजर आ रहे हैं, जो नियमों की चलती-फिरती किताब है। नूतन एक सरकार कर्मचारी के रूप में अपने उसूलों के बहुत पक्के हैं, जो न खुद गलत करते हैं और न किसी को गलत करने देते हैं। डायरेक्टर अमित मसूरकर की फिल्म न्यूटन में एक सरकारी अफसर के चरित्र को दर्शाया गया है, साथ ही देश के उन सभी सरकारी कर्मचारियों को ईमानदारी से काम करने का संदेश देने का प्रयास किया गया हैं, जो भ्रष्टाचार के रास्ते पर अग्रसर हैं।

महज 14 करोड़ के बजट से बनी ये फिल्म विश्व में तकरीबन 31 करोड़ कमाने में सफल हुई। फिल्म ने दुगने से भी ज्यादा कमाई की, अन्य फिल्मों की अपेक्षा इस फिल्म ने अच्छी कमाई की।

फुकरे रिटर्न्स:

स्टार कास्ट: पुलकित सम्राट,रिचा चड्डा,अली फजल,मनजोत सिंह,वरुण शर्मा

निर्देशक: मृगदीप सिंह लांबा

फुकरे रिटर्न्स फिल्म की कहानी ऐसे दो दोस्तों की हैं जो किसी काम के नहीं हैं, लेकिन इनके सपने राजकुमारों जैसे हैं। पढ़ई खत्म करने के बाद भी हनी(पुलकित सम्राट) और चूचा( वरुण शर्मा) की दोस्ती खत्म नहीं होती हैं, इनकी दोस्ती अभी भी पहले की तर्ज पर बरकरार हैं। फिल्म में चूचा के पास एक ऐसा अनोखा वरदान हैं, जिसके चलते चूचा सपने में जो कुछ भी देखता हैं वह सच हो जाता है। चूचा के सपने पर यकीन करते हुए सभी दोस्त( पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा, अली फजल, मनजोत सिंह) लॉटरी खरीद लेते हैं, चूचा लॉटरी का सही नंबर पहले ही बता देता है। लेकिन लॉटरी मिनिस्टर एक ऐसी चाल चलता है, जिससे फुकरा टीम को करोड़ो का घाटा हो जाता हैं। ये पूरी तरह से कॉमेडी फिल्म हैं, जो आपको गुदगुदाने पर मजबूर करेगी।

अब बात करे  बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की, तो 8 दिसंबर को रिलीज हुई ये फिल्म अबतक दुनिया भर में करीब 75 करोड़ का कारोबार कर चुकी हैं। 30 करोड़ के बजट से बनी फुकरे रिटर्न्स बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचा रही हैं।

तुम्हारी सुलू:

स्टार कास्ट: विद्या बालन, मानव कौल, नेहा धूपिया

निर्देशक: सुरेश त्रिवेणी

फिल्म की कहानी सुलु (विद्या बालन) और उसके पति अशोक (मानव कौल) पर आधारित है। फिल्म में विद्या एक इंडिपेंडेंट महिला का किरदार निभा रही है, जो रात में रेडियो जॉकी की नौकरी करती है। समाज में आज भी बहुत लोग ऐसे हैं, जो महिलाओं के रात में नौकरी करने पर आपत्ति जताते हैं। सुरेश त्रिवेणी ने अपनी इस फिल्म के जरिए समाज के उन सभी लोगों की सोच पर प्रहार करने का प्रयास किया है, जो सोचते है-कि एक महिला रात में काम नहीं कर सकती, या फिर उसे अपना प्रोफेशन दूसरो की सोच के हिसाब से चुनना चाहिए। फिल्म की अच्छी बात यह है कि फिल्म के जरिए महिला सशक्तिकरण के बारे में बात की जा रही हैं।

20 करोड़ के बजट से बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 35 करोड़ का कारोबार किया। कमाई के मामलें में भले ही ये फिल्म ज्यादा धमाल न मचा पाई हो, लेकिन फिल्म में सुलू के हंसमुख किरदार ने सभी को विद्या पर एक बार फिर फिदा कर दिया। ‘बन मेरी रानी-रानी’ गाने ने इन दिनों धमाल मचा रखा हैं। युवा पीढ़ी से लेकर हर उम्र तक के लोग इस गाने को पसंद कर रहे हैं।

By-Ankita jain

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here