PM Modi: पीएम नरेंद्र मोदी ने पंजाब में एक रैली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ देश के 50 करोड़ लोगों को मिल रहा है। आयुष्मान भारत कार्ड से पंजाब का नागरिक हिंदुस्तान में कहीं भी जाएगा उसको इलाज मुफ्त मिलेगा।
PM Modi ने आयुष्मान कार्ड को लेकर AAP पर बोला हमला
PM Modi ने कहा कि एक और दुख की बात है कि अगर आपके पास आयुष्मान कार्ड है भोपाल, अहमदाबाद, लखनऊ जाएंगे तो आपका इलाज हो जाएगा,लेकिन दिल्ली जाएंगे जहां मुख्यमंत्री जो बैठे हैं वो दिल्ली के अस्पताल में इलाज के लिए मना कर देंगे। क्योंकि इस योजना के साथ वो जुड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। जो लोग दिल्ली में आपको घुसने नहीं देना चाहते, वो लोग आपसे वोट मांग रहे हैं। क्या ऐसे लोगों को पंजाब में कुछ भी करने का हक है क्या?
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है। यहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया, जिस पर दिल्ली का परिवार उनके साथ खड़े होकर तालियां बजा रहे थे, वो पूरे देश ने देखा।
अपने इन बयानों से ये लोग किसका अपमान कर रहे हैं। यहां का कोई ऐसा गांव नहीं होगा, जहां हमारे उत्तर प्रदेश या बिहार के भाई बहन मेहनत न करते हों।
PM Modi ने कहा कि कल ही हमने संत रविदास जी की जयंती मनाई है। वो कहां पैदा हुए? उत्तर प्रदेश में, बनारस में। क्या आप संत रविदास जी को भी पंजाब से निकाल देंगे? गुरू गोविंद सिंह जी का जन्म कहां हुआ था? पटना साहिब, बिहार में। क्या आप गुरू गोविंद जी को भी पंजाब से निकाल देंगे?
PM Modi ने कहा कि कांग्रेस की जो ‘पार्टनर इन क्राइम’ पार्टी है, वो भी एक के बाद एक झूठ पंजाब में आकर बोल रही है। ये वो लोग हैं जिनकी दिल्ली में सरकार है। आज पंजाब में आकर सिखों को झूठ बोलने वाले इन लोगों ने दिल्ली में एक भी सिख को मंत्री नहीं बनाया है।ये झूठ बोलने के महारथी हैं। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता है तो ये पंजाब के किसानों को गाली देते हैं। दिल्ली में जाओ तो पंजाब के किसानों को गाली दो और यहां आओ तो किसानों को गले लगाने की बात करों। ये फरेब चलेगा क्या?
PM Modi ने कहा कि बात इतनी ही नहीं है, इनके इरादे कहीं ज्यादा खतरनाक हैं। इनके पुराने विश्वस्त साथी रहे और कवि और चिंतक होने के नाते देश भर में उनके कवि सम्मेलनों को सुनने के लिए देश भर में युवा पीढ़ी उनका इंतजार करती है। ऐसे इंसान ने कल कह दिया और जो आरोप लगाया है वो बहुत खतरनाक है।
PM Modi ने कहा कि ये लोग पंजाब को तोड़ने का सपना पाले हुए हैं। ये लोग सत्ता के लिए अलगाववादियों से भी हाथ मिलाने को तैयार हैं। सत्ता पाने के लिए इन लोगों को अगर देश भी तोड़ना पड़े, तो ये लोग उसके लिए भी तैयार हैं। इनका एजेंडा और देश के दुश्मनों का एजेंडा, पाकिस्तान का एजेंडा अलग है ही नहीं। इसलिए ही ये पंजाब में ड्रग्स के नेटवर्क को बढ़ाना चाहते हैं। इसलिए ही ये बॉर्डर पर बीएसएफ के बढ़ते अधिकारों पर आवाज उठाते हैं।
संबंधित खबरें…