Himachal Election 2022 Results: ‘रिवाज’ बदलेगा या ‘राज’, बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर

हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को वोटिंग हुई थी। इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है।

0
114
Himachal Election 2022 Results
Himachal Election 2022 Results

Himachal Election 2022 Results: हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 का परिणाम जल्द ही घोषित होने जा रहा है। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की धड़कने बढ़ गई है। आज यानी गुरुवार को लोकतंत्र के महाकुंभ में बीते 12 नवंबर को मतदाताओं द्वारा इलेक्ट्रिॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी और दोपहर एक से दो बजे तक पूरे नतीजे आने की संभावना है। पर्वतीय राज्य में गुरुवार को 68 निर्वाचन क्षेत्रों में 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा, जिनमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह और पूर्व भाजपा प्रमुख सतपाल सिंह सत्ती शामिल हैं।

Himachal Election 2022: इन नेताओं की जीत-हार रहेगी नजर

जयराम ठाकुर

इस विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा नाम मौजूदा सीएम जयराम ठाकुर हैं। साफ छवि के जयराम ठाकुर की लोगों के बीच अच्छी पकड़ है। यही वजह है कि वह इस बार भी बीजेपी का चेहरा हैं। जयराम मंडी इलाके से संबंध रखते हैं. इन्होंने एबीवीपी, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा से लेकर पार्टी अध्यक्ष पद तक की जिम्मेदारी निभाई है।

विक्रमादित्य सिंह

कांग्रेस की तरफ से इस देखें तो इस चुनाव में कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह पर भी सबकी नजर रहेगी। वह पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। वह इस चुनाव में शिमला ग्रामीण से ताल ठोक रहे हैं।

मुकेश अग्निहोत्री

हिमाचल प्रदेश में मुकेश अग्निहोत्री कांग्रेस का बड़ा नाम हैं। वह अभी नेता प्रतिपक्ष हैं। उनका राजनीतिक भविष्य भी इस बार इस चुनाव से तय होगा। वह हरोली सीट से अपना दावा ठोक रहे हैं।

पवन कुमार

एक और बड़ा नाम जिनकी जीत हार उनका राजनीतिक भविष्य तय करेगी, वो है पवन कुमार का। पवन कुमार पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। इस बार वो कांगड़ा सीट से बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरे हैं।

अनिल शर्मा

अनिल शर्मा भी इस विधानसभा में बड़ा नाम है और लोगों की निगाहें इन पर रहेंगी। अनिल पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के बेटे हैं। वह मंडी से बीजेपी की तरफ से चुनावी मैदान में हैं।

डॉक्टर राजन सुशांत

डॉक्टर राजन सुशांत को आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा नाम माना जा रहा है। वह बीजेपी की प्रदेश सरकार में मंत्री और सांसद भी रह चुके हैं। इस बार वह आप के टिकट पर फतेहपुर से ताल ठोक रहे हैं।

7881 मतदान केंद्रों पर हुआ था मतदान

12 नवंबर को 7,881 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने सभी 68-68 सीटों पर उम्मीदवार खडे़ किए, जबकि आम आदमी पार्टी ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर बाकी 67 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। वाम दलों ने 12 सीटों पर लड़ी। बसपा, देवभूमि पार्टी समेत कई दलों ने भी उम्मीदवार दिए। बड़ी संख्या में निर्दलियों ने भी भाग्य आजमाया है।

भाजपा और कांग्रेस 68, AAP 67 सीट पर

इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने सभी 68 विधानसभा सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि आप 67 सीट पर चुनाव लड़ रही है। बहुजन समाजवादी पार्टी के 53, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के 29, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के 11, हिमाचल जन क्रांति पार्टी के छह, हिदू समाज पार्टी तथा स्वाभिमान पार्टी के तीन-तीन, हिमाचल जनता पार्टी, भारतीय वीर दल, सैनिक समाज पार्टी तथा राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के एक-एक प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे।

इस बार मतदान के टूटे रिकॉर्ड

बता दें इस बार प्रदेश के मतदाताओं ने अब तक हुए विधानसभा चुनाव के सभी मतदान के रिकॉर्ड इस बार तोड़ दिए। 12 नवंबर को रिकॉर्ड 75.6 फीसदी वोट पड़े हैं। सर्विस वोटर जुड़ने के बाद मतदान का आंकड़ा 76 फीसदी तक पहुंच सकता है। इससे पहले पिछले 2017 के विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 75.57 फीसदी वोट पड़े थे।

सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रमुख दल भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हैं। आम आदमी पार्टी नए खिलाड़ी के रूप में उभड़ी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, मतगणना 8 दिसंबर 2022 को सुबह 08:00 बजे शुरू होगी। मतगणना प्रक्रिया के लिए करीब दस केंद्र बनाए गए हैं। वोटों की गिनती के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की थी कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में वापसी करेगी। दूसरी तरफ, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पूर्ण बहुमत से चुनाव जीतने की उम्मीद कर रही है। कांग्रेस इकाई के उपाध्यक्ष ने कहा, “लोगों ने राज्य में बदलाव के लिए मतदान किया है और कांग्रेस सरकार बनाएगी। हमें नमूना और नमूना आकार देखना होगा। एग्जिट पोल कई बार सही होते हैं, लेकिन पिछले कुछ चुनावों के दौरान इस पर सवाल उठते रहे हैं। हमारा अपना आंतरिक सर्वेक्षण भी है। हमें 40 से ज्यादा सीटें मिलेंगी।’

Himachal Election 2022
Himachal Election 2022

राज्य में बहुमत का आंकड़ा 35

बता दें कि राज्य में बहुमत वाली सीटों की संख्या 35 है। भारत निर्वाचन आयोग ने ईवीएम पर मतदान कराया है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, सरकार ने 1190 मतदान केंद्रों के EVM के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा तैयार किया है। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस विभाग और केंद्रीय पुलिस विभाग के 1200 से अधिक अधिकारी गश्त कर रहे हैं। स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं।

2017 में 44 सीटों पर जीती थी भाजपा

हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को वोटिंग हुई थी। इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो हिमाचल विधानसभा की 68 सीटों में से भाजपा ने 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 21 सीटें हासिल की थी। जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाया गया था। इसी साल हुए उप चुनाव में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसे में कांग्रेस जीत का दावा कर रही है। आम आदमी पार्टी भी यहां दावा ठोंक रही है। अब देखना ये है कि 8 दिसंबर को मतगणना के दिन किसकी सरकार बनती है।

यह भी पढ़ें:

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here